Badaun News: दहेज के बाद अब रंगभेद का कहर… ‘काली बहू’ कहकर 5 साल तक प्रताड़ित, फिर मौत

बदायूं के वजीरगंज क्षेत्र में रंगभेद की शर्मनाक मानसिकता ने एक विवाहिता की जान ले ली। मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि सांवले रंग को लेकर ताने देने के बाद ससुराल वालों ने महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 26 May 2026, 2:33 PM IST
google-preferred

Badaun: बदायूं जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता की जिंदगी सिर्फ इसलिए खत्म हो गई क्योंकि उसका रंग सांवला था। पांच साल तक तानों, अपमान और प्रताड़ना का दर्द झेलती रही महिला आखिरकार मौत के मुंह में पहुंच गई। मायके वालों का आरोप है कि ससुरालियों ने रंग को लेकर विवाद के बाद उसे बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है।

वजीरगंज के जुलहैपुरा गांव का मामला

यह मामला बदायूं जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के जुलहैपुरा गांव का है। मृतका की पहचान 25 वर्षीय कमला उर्फ मलोदा पत्नी भूरे के रूप में हुई है। मृतका के पिता मोहर सिंह, जो बरेली जिले के भमौरा थाना क्षेत्र के सेंहदी गांव के रहने वाले हैं, ने बताया कि करीब पांच साल पहले उन्होंने अपनी बेटी की शादी हिंदू रीति-रिवाज से भूरे के साथ की थी। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ समय बाद कमला के लिए ससुराल का माहौल बदलने लगा।

सांवले रंग को लेकर दिए जाते थे ताने

परिजनों के मुताबिक, कमला को उसके सांवले रंग को लेकर लगातार अपमानित किया जाता था। मृतका के पिता का आरोप है कि उसकी सास अक्सर कहती थी, “तेरा रंग काला है, तू हमारे घर के लायक नहीं थी।” धीरे-धीरे यह ताने मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना में बदल गए। परिवार का आरोप है कि छोटी-छोटी बातों पर कमला के साथ मारपीट की जाती थी और उसे नीचा दिखाया जाता था। मायके पक्ष का कहना है कि उन्होंने कई बार बेटी के ससुराल पहुंचकर समझौता कराने और माहौल सुधारने की कोशिश की, लेकिन ससुराल वालों का व्यवहार नहीं बदला।

पित्त की थैली का ऑपरेशन या मौत से खेल? बदायूं मेडिकल कॉलेज में महिला की हालत बिगड़ी, परिजनों का हंगामा

मारपीट के बाद मौत का आरोप

मृतका के पिता मोहर सिंह ने आरोप लगाया कि रविवार को फिर रंग को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान ससुराल वालों ने कमला को बुरी तरह पीटा। परिजनों का कहना है कि मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि कमला की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया।

बच्चों के सिर से उठा मां का साया

कमला अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है। बड़ा बेटा रवि और दो छोटी बेटियां अब मां के प्यार और साये से हमेशा के लिए दूर हो गए हैं। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का कहना है कि अगर समय रहते प्रताड़ना पर रोक लग जाती तो आज कमला जिंदा होती।

महिला चीखती रही, लोग देखते रहे… बदायूं की इस घटना ने खड़े किए बड़े सवाल

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद वजीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मौत की असली वजह क्या थी।

Location :  Badaun

Published :  26 May 2026, 2:33 PM IST

Advertisement