हिंदी
पानी की टंकी पर चढ़ गया किशोर
Badaun: बदायूं में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक 16 वर्षीय किशोर अचानक गांव की ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। किशोर ऊपर खड़े होकर न्याय की मांग करने लगा और परिवार के लोगों पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ऊंचाई पर खड़े किशोर को देखकर हर किसी की सांसें अटक गईं। करीब एक घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और ग्रामीणों की समझाइश पर किशोर को सुरक्षित नीचे उतारा जा सका।
यह पूरा मामला बदायूं जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के बरीपुरा गांव का है। जानकारी के मुताबिक, 16 वर्षीय शिवम का अपने ताऊ के साथ काफी समय से पारिवारिक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। परिजनों का आरोप है कि जमीन को लेकर चल रहे विवाद की वजह से किशोर लंबे समय से मानसिक तनाव में था।
रविवार सुबह अचानक शिवम गांव में बनी जल जीवन मिशन की ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। जब ग्रामीणों ने किशोर को टंकी पर देखा तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया। लोग मौके की ओर दौड़ पड़े और देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई। किशोर ऊपर से लगातार न्याय की मांग करता रहा और खुद को परेशान किए जाने की बात कहता रहा।
UP Police Encounter: बदायूं में इनामी बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, 3 को लगी गोली, कांस्टेबल घायल
घटना की सूचना मिलते ही वजीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर किशोर को समझाने की कोशिश शुरू की। करीब एक घंटे तक बातचीत और समझाइश का दौर चलता रहा। काफी मशक्कत और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद आखिरकार शिवम नीचे उतरने को तैयार हुआ।
पुलिस और ग्रामीणों की मदद से किशोर को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। घटना के बाद पुलिस ने उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। राहत की बात यह रही कि पूरे घटनाक्रम के दौरान कोई हादसा नहीं हुआ। हालांकि इस घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
बदायूं में डंपर चालक का दुस्साहस, एआरटीओ टीम को कुचलने की कोशिश
ग्रामीणों का कहना है कि संपत्ति विवाद काफी पुराना है। कई बार पंचायत भी बुलाई गई और दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश हुई, लेकिन विवाद का कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका। लोगों का कहना है कि इसी मानसिक तनाव में आकर किशोर ने यह खतरनाक कदम उठाया।
वजीरगंज थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। उन्होंने कहा कि किशोर को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और दोनों पक्षों को थाने बुलाकर मामले का समाधान कराने की कोशिश की जाएगी।
Location : Badaun
Published : 26 May 2026, 4:25 PM IST