हिंदी
बदायूं में देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट
Badaun: जनपद के थाना इस्लामनगर क्षेत्र में बीते दिनों हुई लूट और डकैती की घटना में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाशों से पुलिस की देर रात मुठभेड़ हो गई। वरिया पुल उल्ला मोड़ के पास हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि एक कांस्टेबल भी घायल हो गया। पुलिस बदमाशों को अस्पताल ले गई है।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार लूट की घटना में वांछित चल रहे पांच बदमाशों के इलाके में होने की सूचना मिली थी। इस पर इस्लामनगर थाना पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की।
बदायूं में देर रात हुए पुलिस एंकाउंटर को लेकर एसएसपी ने बताई ये बात #badaun #policeencounter #wantedcriminals #constableinjured #badaunpolice pic.twitter.com/Ynj9OJ21Dl
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 25, 2026
मुठभेड़ के दौरान तीन बदमाश किशन पाल, मनोज और भूरे के पैर में गोली लगने से वे घायल होकर गिर पड़े। मौके का फायदा उठाकर दो अन्य आरोपी भाग निकले, लेकिन पुलिस ने तत्काल कॉम्बिंग कर दोनों को भी दबोच लिया। जवाबी कार्रवाई में एक कांस्टेबल को भी गोली के छर्रे लगे हैं।
गिरफ्तार मुख्य आरोपी किशन पाल और मनोज संभल जिले के निवासी हैं, जबकि तीसरा घायल बदमाश भूरे हापुड़ का रहने वाला है। सभी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और ये इस्लामनगर क्षेत्र में हुई बड़ी डकैती में वांछित चल रहे थे।
बदमाशों को लेकर अस्पताल पहुंची पुलिस टीम
मुठभेड़ में घायल तीनों बदमाशों और घायल कांस्टेबल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से असलहे, कारतूस और लूट का कुछ सामान भी बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों का लंबा आपराधिक इतिहास है। इनसे पूछताछ कर अन्य वारदातों के खुलासे का प्रयास किया जा रहा है। फरार हुए बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद गैंग के पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई की जाएगी।
Location : Badaun
Published : 26 May 2026, 2:24 AM IST