नदी किनारे मिले कपड़े, पानी में उतराता शव… गोरखपुर में दर्दनाक हादसे से सनसनी

गोरखपुर में सरयू नदी ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। विसरा निवासी किसान सुरजभान यादव का शव नदी में उतराता मिला, जिसके बाद पूरे गांव में मातम छा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 26 May 2026, 3:12 PM IST
google-preferred

Gorakhpur: गोरखपुर में सरयू नदी ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया। सोमवार शाम घर से निकले किसान का शव मंगलवार सुबह नदी में उतराता मिला तो पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। नदी किनारे चीख-पुकार और रोते-बिलखते परिजनों का दर्द हर किसी की आंखें नम कर गया। शुरुआती आशंका है कि किसान का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में समा गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

सोमवार शाम घर से निकले थे सुरजभान यादव

यह मामला गोरखपुर जिले के गोलाउपनगर क्षेत्र के वार्ड संख्या-5 विसरा गांव का है। मृतक की पहचान 58 वर्षीय सुरजभान यादव पुत्र अम्बिका यादव के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, सुरजभान यादव खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। सोमवार अपराह्न वह घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। जब काफी समय बीतने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला तो परिवार की चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।

रातभर तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग

परिवार के लोग रातभर संभावित स्थानों और नदी किनारे उनकी खोजबीन करते रहे। गांव के कई लोग भी तलाश में जुट गए, लेकिन देर रात तक सुरजभान यादव का कोई सुराग नहीं मिल सका। परिजनों की बेचैनी लगातार बढ़ती जा रही थी। परिवार को किसी अनहोनी की आशंका सताने लगी थी।

गोरखपुर में 3 सोशल मीडिया अकाउंट्स पर मुकदमा दर्ज, इस नेता की छवि खराब करने का लगा आरोप

सुबह नदी में उतराता मिला शव

मंगलवार सुबह परिजन फिर से सरयू नदी के विसरा तट पर पहुंचे और तलाश शुरू की। इसी दौरान नदी में एक शव उतराता दिखाई दिया। जब लोग पास पहुंचे तो शव की पहचान सुरजभान यादव के रूप में हुई। पहचान होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोग बदहवास हो गए और देखते ही देखते गांव के बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

नदी किनारे मिले कपड़े

घटनास्थल के पास नदी किनारे मृतक के कपड़े पड़े मिले। वहीं तट पर ऐसे निशान भी दिखाई दिए, जिससे पैर फिसलने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि संभवत: सुरजभान यादव स्नान करने के दौरान असंतुलित होकर गहरे पानी में चले गए होंगे, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई।

पुलिस और राजस्व टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया ताकि मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सके।

Gorakhpur Crime: 13 साल पुराने केस में इंसाफ! गोरखपुर कोर्ट का बड़ा फैसला

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सुरजभान यादव अपने पीछे पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी तीन बेटियां हैं और तीनों की शादी हो चुकी है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सुरजभान यादव बेहद सरल और मेहनती व्यक्ति थे।

थाना प्रभारी ने क्या कहा

थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की जांच करेगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  26 May 2026, 3:12 PM IST

Advertisement