
बदायूं में पुलिस का बड़ा एक्शन
Budaun: यूपी के बदायूँ में अपराधियों के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन लंगड़ा के तहत बदायूँ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। थाना इस्लामनगर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान कुख्यात भैंस चोर शौकीन उर्फ शानू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना इस्लामनगर क्षेत्र में लगातार हो रही भैंस चोरी की घटनाओं से पुलिस परेशान थी। ग्राम नदेरी में हुई भैंस चोरी और मोहल्ला ढेरिया बहजोई बस स्टैण्ड के पास हुई भैंस चोरी की घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी।
इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि भैंस चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाला आरोपी क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर थाना इस्लामनगर पुलिस ने क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर आ रहे संदिग्ध को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर झोंक दिया।
अपने बचाव में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी शौकीन उर्फ शानू के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शौकीन उर्फ शानू बेहद शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से ही तीन दर्जन से अधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए एसपी देहात बदायूँ डॉ. ह्रदेश कठेरिया ने बताया कि घायल आरोपी को इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Location : Budaun
Published : 6 September 2026, 1:43 AM IST