हिंदी
बदायूं में दर्दनाक हादसा (Img: Pinterest)
Budaun: बदायूं के इस्लामनगर रोड पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस लौट रहे बाइक सवारों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद एक बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे पिकअप वाहन से जा टकराई। हादसे में एक सफाईकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा इस्लामनगर रोड पर फतेहपुर गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि कुछ युवक एक अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद दो अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। फतेहपुर गांव के पास तेज रफ्तार और अचानक हुए ब्रेक के कारण दोनों बाइकें आपस में भिड़ गईं।
यह भी पढ़ें - Budaun: पुलिस लाइन में रात को दिखा अद्भुत नजारा, डीएम-एसएसपी ने की पूजा, फिर बच्चों ने लूटी महफिल
टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा रही पिकअप से टकरा गया। मृतक की पहचान सफाईकर्मी नमन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नमन नगर पंचायत में सफाईकर्मी के पद पर तैनात था।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नमन की हालत गंभीर देखते हुए बरेली हायर सेंटर रेफर कर दिया। बरेली ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें - Budaun Road Accident: 9 दिन तक जिंदगी की जंग, आखिरकार हार गए सोहनपाल; अज्ञात वाहन ने मारी थी टक्कर
वहीं दो अन्य घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज बरेली के निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है।सूचना पर पहुंची बिसौली कोतवाली पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पिकअप वाहन को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Location : Budaun
Published : 5 September 2026, 7:48 PM IST