हिंदी
भाजपा नेता के बेटे पर थार की टक्कर और सिपाही से हाथापाई का आरोप
Badaun: बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में देर रात एक बड़ा मामला सामने आया है। संतोष सिंह तिराहे के पास मिशन इंग्लिश स्कूल के सामने खड़े एक ट्रक में कथित रूप से भाजपा नेता राजीव सिंह के बेटे रजत सिंह की तेज रफ्तार महिंद्रा थार (UP25EA2323) ने टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ट्रक खराब था और सड़क पर इंटीकेटर जलाकर खड़ा किया गया था।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के एयरबैग खुल गए और वाहन से धुआं निकलने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार में शराब की बोतलें और गिलास खुले पड़े मिले और कार पर विधानसभा का पास भी लगा हुआ था।
सूचना पर जब सिविल लाइंस थाना का एक सिपाही मौके पर पहुंचा और हाल-चाल पूछने की कोशिश की, तो आरोप है कि रजत सिंह नशे में धुत्त अवस्था में गाड़ी से उतरा और सिपाही से कथित रूप से हाथापाई करने लगा।
Badaun News: नशे की हालत में पी कीटनाशक दवा, अब ये हुआ अंजाम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रजत सिंह ने सड़क पर सिपाही को जोरदार तरीके से मारने की कोशिश की और इस दौरान कथित तौर पर अपने पास रखे लाइसेंसी हथियार को भी निकाल लिया। यह देखकर मौके पर मौजूद लोग घबरा गए और जमा होने लगे।
घटना के दौरान रजत सिंह कथित रूप से मौके से भागने की कोशिश करता रहा, लेकिन कार स्टार्ट नहीं होने से वह सफल नहीं हो पाया। कार से लगातार धुआं निकलते देख लोगों ने उसे गाड़ी को स्टार्ट न करने की सलाह दी, लेकिन कथित तौर पर उसने उल्टा लोगों पर ही गुस्सा दिखाना शुरू कर दिया।
सूचना बढ़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और सिपाही को सुरक्षित किया। इस बीच आरोप है कि रजत सिंह हंगामे का फायदा उठाकर भीड़ और पुलिस के बीच से निकल भागा। फिलहाल वह फरार बताया जा रहा है।
हाल ही में बदायूं में एक दरोगा के साथ मारपीट और उसके वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की सुरक्षा पर सवाल उठे थे। अब एक और घटना के बाद स्थानीय लोगों में कानून-व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि बरेली में पुलिस पर हमले के आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चल चुके हैं, लेकिन बदायूं में पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएँ बढ़ती दिख रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Badaun
Published : 11 December 2025, 2:31 PM IST
Topics : Badaun Incident Badaun News crime news UP News