हिंदी
कार ने बाइक सवारों को मारी टक्कर
Budaun: जिले में सोमवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक अनियंत्रित कार ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां दोनों का उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक, थाना मूसाझाग क्षेत्र के भगवतीपुर गांव निवासी विद्याराम (32) पुत्र गोकर्ण और छात्रपाल (55) पुत्र मैकूलाल बाइक से घाटियारी गांव गए थे। दोनों लोग वहां आयोजित दसवां संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस अपने गांव भगवतीपुर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
घायलों की क्षतिग्रस्त बाइक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर लगते ही बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से बदायूं जिला अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने दोनों घायलों का इलाज शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।
टक्कर मारने वाली कार
घटना के बाद पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर पुलिस लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और तेज रफ्तार वाहन चलाने से बचने की अपील कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, थोड़ी सी लापरवाही कई बार बड़े हादसे का कारण बन जाती है।
Location : Budaun
Published : 11 August 2026, 12:32 AM IST
Topics : badaun accident news Badaun News bike accident news car bike collision road accident in badaun