बलिया में रात के अंधेरे में क्या हुआ उस 5 साल की बच्ची के साथ, अपहरण केस ने लिया खौफनाक मोड़

बलिया में पांच साल की मासूम के अपहरण मामले ने अब बेहद गंभीर रूप ले लिया है। कोर्ट के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के बाद सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि हुई है, जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले में पाक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराएं जोड़ दी गई हैं।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 14 June 2026, 5:37 AM IST
google-preferred

Ballia : जिले के बांसडीहरोड थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक पांच साल की मासूम बच्ची के अपहरण का मामला अचानक बेहद गंभीर और दिल दहला देने वाली घटना में बदल गया। शुरुआती जांच में जहां मामला सिर्फ अपहरण का था। वहीं कोर्ट में दिए गए बयान और मेडिकल रिपोर्ट सामने आने के बाद यह साफ हो गया कि बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म जैसी जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया है। इस खुलासे के बाद इलाके में गुस्सा और आक्रोश का माहौल है।

11 जून की रात से शुरू हुई घटना

घटना 11 जून की रात की बताई जा रही है। जब बच्ची अपने दादा के साथ सुल्तानपुर से घर लौट रही थी। बांसडीहरोड तिराहे के पास कोल्ड स्टोर के नजदीक दादा कुछ देर के लिए रुके थे। इसी दौरान बच्ची अकेली रह गई और मौके का फायदा उठाकर बाइक सवार अज्ञात युवक उसे जबरन उठाकर फरार हो गए। दादा ने शोर मचाते हुए पीछा भी किया, लेकिन आरोपी मौके से भाग निकलने में सफल रहे।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बरामदगी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और कई घंटे की तलाश के बाद बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। अगले दिन पीड़ित परिवार की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, मामला और गंभीर होता गया। कोर्ट के बयान और मेडिकल रिपोर्ट ने पूरे केस की दिशा ही बदल दी और इसमें सामूहिक दुष्कर्म तथा पाक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ दी गईं।

बलिया में उपभोक्ताओं की शिकायतें पड़ीं भारी, जेई सस्पेंड और अफसरों पर गिरी गाज

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी

पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए शनिवार को मुख्य आरोपी चंदन कुमार साह, निवासी गायघाट थाना रेवती को ढेलहवा बाबा से दुबहड़ जाने वाले मार्ग के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर दिया है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

थाना प्रभारी वंशबहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम अब अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इधर घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग सख्त सजा की मांग कर रहे हैं।

Location :  Ballia

Published :  14 June 2026, 5:36 AM IST

Advertisement