हिंदी
अखिलेश यादव (Social Media)
Agra : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) का आगरा दौरा 2027 विधानसभा चुनाव की जमीन तैयार करने की बड़ी कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे अखिलेश यादव ने जिस तरह से स्थानीय नेताओं, प्रबुद्धजनों और व्यापारिक वर्ग से सीधा संवाद शुरू किया है। उससे साफ है कि सपा अब अपने पुराने कोर वोट बैंक को मजबूत करने के साथ-साथ नए सामाजिक और आर्थिक वर्गों को जोड़ने की रणनीति पर काम कर रही है।
अपने दौरे की शुरुआत में अखिलेश यादव ने सांसद रामजीलाल सुमन के संजय प्लेस स्थित आवास पहुंचकर उनके दिवंगत नाती दिव्यांशु सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं के घर जाकर व्यक्तिगत स्तर पर संवाद स्थापित किया। राजनीतिक हलकों में इसे भावनात्मक जुड़ाव और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। इस दौरान अलग-अलग सामाजिक पृष्ठभूमि के नेताओं से मुलाकात कर उन्होंने यह संदेश देने की कोशिश की कि सपा सभी वर्गों के साथ खड़ी है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अखिलेश यादव के इस दौरे का सबसे अहम हिस्सा व्यापारी वर्ग को साधने की रणनीति है। आगरा को पारंपरिक रूप से भाजपा का मजबूत व्यापारिक गढ़ माना जाता है, ऐसे में सपा का यहां छोटे और मझोले कारोबारियों के बीच सक्रिय होना सियासी रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रविवार को आईटीसी मुगल में होने वाली विजन इंडिया बैठक को इसी रणनीति का अहम हिस्सा बताया जा रहा है। जहां छोटे व्यापारियों की समस्याओं जैसे जीएसटी, बाजार मंदी और स्थानीय नीतियों पर खुलकर चर्चा होगी। इन्हें पार्टी के आगामी चुनावी एजेंडे में शामिल किए जाने की तैयारी है।
मैनपुरी से अखिलेश यादव की हुंकार, बोले- बीजेपी की उल्टी गिनती शुरू, कई नेताओं की टिकट होगी साफ
सूत्रों के अनुसार पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन और पूर्व कैबिनेट मंत्री अभिषेक मिश्रा लंबे समय से छोटे कारोबारियों को सपा के पक्ष में जोड़ने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। अखिलेश यादव का यह दौरा इसी कड़ी को आगे बढ़ाता हुआ नजर आ रहा है। राजनीतिक विश्लेषक इसे भाजपा के मजबूत माने जाने वाले व्यापारिक वोट बैंक में सीधी सेंध लगाने की कोशिश के तौर पर देख रहे हैं।
अखिलेश यादव के आगरा पहुंचने पर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। फतेहाबाद रोड से लेकर एमजी रोड तक पोस्टरों और बैनरों से शहर को पाट दिया गया। नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच सीधा संवाद स्थापित कर अखिलेश ने यह संदेश देने की कोशिश की कि पार्टी नेतृत्व जमीनी स्तर पर सक्रिय है और आने वाले चुनाव में पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरने को तैयार है।
Location : Agra
Published : 14 June 2026, 12:53 AM IST