फर्रुखाबाद में डॉक्टरों से मारपीट: चौकी में घुसकर जान बचाने पहुंचे, फिर भी सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

फर्रुखाबाद में पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि आधी रात को कार का पीछा कर रहे दबंगों से जान बचाने के लिए चौकी पहुंचे दो डॉक्टरों को पुलिस के सामने ही सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 16 May 2026, 1:27 PM IST
google-preferred

Farrukhabad: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि आधी रात को कार का पीछा कर रहे दबंगों से जान बचाने के लिए चौकी पहुंचे दो डॉक्टरों को पुलिस के सामने ही सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। इतना ही नहीं, पीड़ित डॉक्टरों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज करने के बजाय पुलिस ने दोनों पक्षों पर एनसीआर दर्ज कर मामला शांत करने की कोशिश की।

घटना के बाद घायल डॉक्टर शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक Aarti Singh से मिले। एसपी ने मामले को गंभीर मानते हुए थाना पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

रेलवे रोड चौकी के पास हुई घटना

जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात फतेहगढ़ के सिविल लाइंस निवासी डॉ. विनीत मिश्रा और सब्जी मंडी निवासी डॉ. राजा वत्सल पर 10-12 दबंगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि दबंग बाइक से उनकी कार का पीछा कर रहे थे। जान बचाने के लिए दोनों डॉक्टर रेलवे रोड चौकी की ओर पहुंचे, लेकिन वहां भी उन्हें राहत नहीं मिली।

पीड़ितों का आरोप है कि चौकी के पास ही दबंगों ने उन्हें सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस पूरी घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जबकि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी मारपीट की तस्वीरें कैद हुई हैं।

पुलिस पर हमलावरों से ‘सेटिंग’ के आरोप

डॉक्टरों का आरोप है कि कोतवाली पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय मामले को दबाने की कोशिश की। पीड़ितों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई और दोनों पक्षों के खिलाफ केवल एनसीआर दर्ज कर ली गई।

घटना के बाद डॉक्टरों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसमें कोतवाली प्रभारी द्वारा लगाया गया यह आरोप गलत साबित हुआ कि दोनों डॉक्टर शराब के नशे में थे। मेडिकल रिपोर्ट में केवल डॉ. राजा वत्सल में मामूली मात्रा में शराब की पुष्टि हुई।

एसपी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

पीड़ित डॉक्टर शुक्रवार को एसपी आरती सिंह से मिले और पूरी घटना की जानकारी दी। डॉक्टरों ने आरोप लगाया कि रेलवे रोड चौकी के सामने रहने वाले दबंगों की पुलिस से अच्छी पकड़ है, जिसके कारण कार्रवाई नहीं की जा रही।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने संबंधित थाना पुलिस को फोन पर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

इस घटना के बाद जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिस की निष्पक्षता को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।

Location :  Farrukhabad

Published :  16 May 2026, 1:27 PM IST

Advertisement