हिंदी
गोमती नदी में उतराता मिला शव (Source: Dynamite News)
Amethi: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में दो दिन से लापता 45 वर्षीय व्यक्ति का शव गोमती नदी में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव नदी में उतराता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और उसकी पहचान कराई। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मामला जिले के भाले सुल्तान थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव का है। यहां के रहने वाले 45 वर्षीय राममनोहर यादव दो दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास के संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद परिजन भाले सुल्तान थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर राममनोहर की तलाश शुरू कर दी थी।
प्रतीकात्मक छवि (Source: Dynamite News)
शुक्रवार सुबह गोमती नदी के कोटवा के पास स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति का शव पानी में उतराता देखा। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। कुछ ही देर में आसपास के ग्रामीण भी घटनास्थल पर जुट गए।
पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने शव की पहचान राममनोहर यादव के रूप में की। दो दिन से उनकी तलाश कर रहे परिजनों को जब इस घटना की जानकारी मिली तो परिवार में कोहराम मच गया।
कोल्ड स्टोरेज में रखा आलू भी नहीं दिला रहा लागत, नई फसल को लेकर किसान चिंतित
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि राममनोहर की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
भाले सुल्तान थाना प्रभारी निरीक्षक अजेंद्र पटेल ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Amethi
Published : 30 October 2026, 12:55 PM IST