Amethi News: शाम को बकरी चराने निकला था मासूम… सुबह खेत में मिली लाश, मां की चीखों से कांपा गांव

अमेठी के बाजार शुक्ल थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय मासूम शिवम का शव गांव के बाहर खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। बच्चा शनिवार शाम बकरी चराने निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। रविवार को उसका शव खेत में पड़ा मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 24 May 2026, 5:57 PM IST
google-preferred

Amethi: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बाजार शुक्ल थाना क्षेत्र में एक 12 वर्षीय मासूम का शव गांव के बाहर खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक बच्चे की पहचान शिवम पुत्र रामबरन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिवम शनिवार शाम घर से बकरी चराने निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।

खेत में पड़ा मिला मासूम का शव

घटना बाजार शुक्ल थाना क्षेत्र के पूरे बना मजरे बाहरपुर गांव की है। ग्रामीणों ने खेत में एक बच्चे का शव पड़ा देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। खेत में अपने बेटे का शव देखकर परिवार चीख-पुकार करने लगा। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जमा हो गए। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

अमेठी में धर्मकांटा पर सो रहे चौकीदार को ट्रक ने कुचला, दर्दनाक मौत से मचा हड़कंप

मां ने रोते हुए सुनाई आखिरी शाम की कहानी

मृतक की मां ने रोते-बिलखते हुए बताया कि शनिवार शाम उसका बेटा बकरी चराने गया था। घर लौटने के बाद उसने खाना खाया था। मां के मुताबिक उसने पूरी और सब्जी बनाई थी, जिसे शिवम ने खाया। इसके बाद वह कहां गया, किसी को कुछ पता नहीं चला। मां ने कहा कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं है।

शव पर नहीं मिले गंभीर चोट के निशान

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बच्चे के शव पर कोई खास चोट के निशान नहीं दिखाई दिए हैं। हालांकि मौत की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

अमेठी में राहुल गांधी के पैर रखने से पहले पोस्टर वॉर: सांसद केएल शर्मा से मांगा दो साल का हिसाब, स्मृति ईरानी से तुलना

पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस को खेत में बच्चे का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि बच्चे की मौत कैसे हुई और उसके पीछे क्या कारण है, इसका अभी पता नहीं चल पाया है।

Location :  Amethi

Published :  24 May 2026, 5:57 PM IST

Advertisement