झोपड़ी में आग लगी या लगाई गई? दो बकरियां जिंदा जलीं, अनाज-नकदी समेत सबकुछ राख; परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र के डड़िया गांव में रविवार रात झोपड़ी में आग लगने से दो बकरियां, दो साइकिल, गेहूं-चावल और 10 हजार रुपये नकद समेत गृहस्थी का सामान जल गया। पीड़ित परिवार ने पुरानी रंजिश के चलते चार लोगों पर आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Gorakhpur: गोला थाना क्षेत्र के डड़िया गांव में रविवार रात एक झोपड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने झोपड़ी में रखा पूरा गृहस्थी का सामान अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो साइकिल, दो बकरियां, दो कुंतल गेहूं, एक कुंतल चावल और 10 हजार रुपये नकद समेत काफी सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने गांव के ही चार लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते झोपड़ी में आग लगाने का आरोप लगाया है।

पुरानी रंजिश को लेकर लगाया आग लगाने का आरोप

डड़िया गांव निवासी रागनी पत्नी अशोक ने सोमवार को गोला थाने में तहरीर दी। इसमें उन्होंने गांव के अभिषेक, विवेक और विजय पुत्रगण राधेश्याम तथा राधेश्याम पुत्र बलिराम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रागनी के मुताबिक, आरोपित पक्ष से उनके परिवार की पुरानी रंजिश चल रही है। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कहासुनी और विवाद हो चुका है। पीड़िता का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग आए दिन गाली-गलौज करते हैं।

रात में अचानक धधक उठी झोपड़ी

पीड़िता के अनुसार, रविवार रात परिवार अपने घर में था। इसी दौरान उनकी झोपड़ी में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को संभलने का ज्यादा मौका नहीं मिला। आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक झोपड़ी में रखा काफी सामान जल चुका था। रागनी का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपितों ने ही झोपड़ी में आग लगाई। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

दवा लेने गई थी फूलमती देवी और पीछे से उजड़ गई गृहस्थी, गोरखपुर में नाती ने ही उड़ाई अपनी ही नानी की गाढ़ी कमाई

दो बकरियां और अनाज भी जलकर राख

आग में परिवार को भारी नुकसान हुआ है। पीड़िता के मुताबिक, झोपड़ी में रखी दो साइकिल और दो बकरियां आग की चपेट में आ गईं। इसके अलावा करीब दो कुंतल गेहूं और एक कुंतल चावल भी जल गया। झोपड़ी में रखे 10 हजार रुपये नकद भी आग में जलने का दावा किया गया है। इसके साथ ही कपड़े और रोजमर्रा के इस्तेमाल का अन्य जरूरी घरेलू सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।

पहले भी हो चुका है दोनों पक्षों में विवाद

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा है। बताया गया है कि अगस्त महीने में पीड़ित परिवार की तहरीर पर आरोपित पक्ष के खिलाफ छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसी मामले में छेड़छाड़ की पीड़िता का न्यायालय में बयान भी दर्ज होना था। ऐसे में पीड़ित परिवार ने आशंका जताई है कि पुराने विवाद को लेकर ही झोपड़ी में आग लगाने की घटना को अंजाम दिया गया।

गोरखपुर में ट्रेन पर पत्थरबाजी, महिला यात्री के घायल होने की सूचना; RPF ने पांच युवकों को पकड़ा

जान-माल का खतरा बताकर मांगी सुरक्षा

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते उन्हें जान-माल का खतरा बना हुआ है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

गोला थाना प्रभारी सीपी पांडेय ने बताया कि घटना को लेकर तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  21 September 2026, 6:06 PM IST

Related News

Advertisement