पेपर देने निकली नाबालिग छात्रा लापता, युवक पर भगाने का आरोप; शिकायत पर युवक के खिलाफ अपहरण का केस

गोरखपुर में पेपर देने के लिए घर से निकली 16 वर्षीय छात्रा अचानक लापता हो गई। शाम तक घर न लौटने पर परिवार ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

Gorakhpur: गोला थाना क्षेत्र के एक गांव में इंटर कॉलेज में पेपर देने के लिए घर से निकली 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। छात्रा की मां ने पड़ोसी गांव जपती निवासी युवक नितेश निषाद पर बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए गोला थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।

युवक ने बात करने के लिए दिया था फोन

पुलिस को दी गई तहरीर में छात्रा की मां ने बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी को जपती गांव निवासी नितेश निषाद ने बातचीत करने के लिए अपना मोबाइल नंबर दिया था। बेटी ने इसकी जानकारी अपनी मां को दी थी। इसके बाद परिजनों ने बाहर काम कर रहे छात्रा के पिता को मामले की जानकारी दी। आरोप है कि पिता ने भी नितेश को समझाया और बेटी से बातचीत नहीं करने की हिदायत दी थी।

ये भी पढ़ें- विवेक तिवारी हत्याकांड में 8 साल बाद आया फैसला, पुलिस के लिए काम करने वाले चौधरी को 10 साल की जेल, जानें क्यों किया था मर्डर?

शाम तक नहीं लौटी घर

परिजनों के मुताबिक, 19 सितंबर को छात्रा इंटर कॉलेज भूपगढ़ में पेपर देने के लिए घर से निकली थी। निर्धारित समय पर वह विद्यालय नहीं पहुंची। शाम तक छात्रा के घर वापस नहीं लौटने पर परिजन परेशान हो गए और उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां जानकारी लेने के साथ आसपास के गांवों में भी खोजबीन की गई, लेकिन छात्रा का कोई पता नहीं चल सका।

काफी तलाश के बाद भी जब छात्रा की जानकारी नहीं मिली तो उसकी मां ने गोला थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। तहरीर में मां ने आशंका जताई कि जपती निवासी नितेश निषाद उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है।

ये भी पढ़ें- Mainpuri Murder Case: स्कूल से घर लौट रहे शिक्षक की गोली मारकर हत्या, सड़क पर तड़पते रह गए यशपाल

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

गोला पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब छात्रा की तलाश के साथ ही आरोपित युवक के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि छात्रा की बरामदगी और जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  21 September 2026, 4:59 PM IST

Advertisement