हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (IMG: Pinterest)
New Delhi: दिल्ली की रोहिणी जेल में सोमवार को एक विचाराधीन कैदी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान प्रमोद के रूप में हुई है। वह आर्म्स एक्ट से जुड़े एक मामले में जेल में बंद था। घटना सोमवार, 21 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे जेल के वार्ड नंबर-3 में हुई।
सूत्रों के मुताबिक, जेल के वार्ड नंबर-3 में कैदियों के बीच तंबाकू बेचने को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और प्रमोद पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। बताया जा रहा है कि प्रमोद पर हमला करने का आरोप भोला और मुकेश नाम के कैदियों पर लगा है। आरोप है कि दोनों ने प्रमोद पर धारदार हथियार से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि, जेल प्रशासन की ओर से शुरुआती तौर पर इसे गैंगवार की घटना नहीं बताया गया है।
दिल्ली हाईकोर्ट को आज मिल गए सात जज, मुख्य न्यायाधीश ने दिलाई शपथ; जजों की संख्या बढ़कर 50 हुई
हमले के बाद जेल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जेल स्टाफ ने घायल प्रमोद को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही थी। डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी।
रोहिणी जेल में हुई इस घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। हाई सिक्योरिटी जेल परिसर के अंदर कैदियों तक धारदार हथियार कैसे पहुंचा और हमले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की क्या स्थिति थी, ये जांच के अहम बिंदु हैं। दिल्ली पुलिस और जेल प्रशासन की ओर से घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हमले में इस्तेमाल धारदार हथियार कहां से आया और वारदात के दौरान सुरक्षा में कोई चूक हुई या नहीं।
फिलहाल घटना को लेकर पुलिस और जेल प्रशासन की जांच जारी है। आरोपियों से पूछताछ और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हत्या की वास्तविक वजह और वारदात के पूरे क्रम की तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
Location : New Delhi
Published : 21 September 2026, 5:17 PM IST