हिंदी
बीच सड़क पर बंद हो रहे ई-रिक्शा(Img: AI Generated)
Aligarh: दिल्ली के बाद अब उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में भी बीच सड़क पर ई-रिक्शा बंद होने की घटनाएं सामने आई हैं। ई-रिक्शा वितरकों का दावा है कि कुछ शरारती तत्व यूट्यूब पर उपलब्ध वीडियो देखकर एक कथित चाइनीज ऐप का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे लिथियम बैटरी वाले ई-रिक्शा प्रभावित हो रहे हैं। पिछले एक सप्ताह में करीब 500 ई-रिक्शा बंद होने के बाद अलग-अलग सर्विस सेंटर पहुंचने का दावा किया गया है।
ई-रिक्शा वितरक लतेश गोयल ने बताया कि, पिछले चार-पांच दिनों में उनके शोरूम पर ही 50 से अधिक ऐसे ई-रिक्शा पहुंचे, जो अचानक बंद हो गए थे। उनका कहना है कि शहर के अन्य वितरकों के पास भी इसी तरह के मामले आ रहे हैं और कुल मिलाकर लगभग 500 ई-रिक्शा प्रभावित हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया और यूट्यूब पर एक कथित BAT-BMS ऐप से जुड़े वीडियो वायरल हो रहे हैं। दावा किया जाता है कि यह ऐप कमजोर सुरक्षा वाले लिथियम बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) से ब्लूटूथ के माध्यम से जुड़कर बैटरी को नियंत्रित या बंद कर सकता है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कई ई-रिक्शा चालकों ने बताया कि चलते समय अचानक उनका वाहन बंद हो गया, जिसके बाद उन्हें सर्विस सेंटर जाना पड़ा। कुछ चालकों ने बैटरी की सेटिंग बदलवाने या सुरक्षा उपाय अपनाने की बात भी कही।
Aligarh Congress Clash: राष्ट्रीय सचिव के सामने ही कांग्रेसियों में चले लात-जूते, जानिये पूरा अपडेट
लिथियम बैटरी वितरक रूपेश पाठक ने बताया कि उनकी कंपनी की बैटरियों के लिए आधिकारिक ऐप उपलब्ध है, जिसके माध्यम से बैटरी का पासवर्ड सेट किया जा सकता है। उनका कहना है कि जिन बैटरियों में सुरक्षा पासवर्ड नहीं बनाया गया है, वे अधिक जोखिम में हो सकती हैं। उन्होंने सभी वाहन मालिकों से अपनी बैटरी की सुरक्षा सेटिंग सक्रिय करने की अपील की।
विशेषज्ञों के अनुसार, कम कीमत वाले कुछ ई-रिक्शा और ई-स्कूटरों में ब्लूटूथ आधारित सुरक्षा व्यवस्था अपेक्षाकृत कमजोर हो सकती है। ऐसे में वाहन मालिकों को केवल अधिकृत ऐप का उपयोग करने और बैटरी की सुरक्षा सेटिंग्स अपडेट रखने की सलाह दी जा रही है।
Location : Aligarh
Published : 4 July 2026, 3:02 PM IST