घरवाले रोते रहे, वो अजमेर के होटल में बर्तन धोता रहा, ‘यूट्यूबर’ के चक्कर में घर छोड़ने वाले छात्र की कहानी

22 महीने पहले लापता हुआ 15 साल के छात्र को राजस्थान के अजमेर में सकुशल तलाश कर लिया गय। पुलिस जांच के दौरान पता चली वजह को जानकर परिजनों के होश उड़ गए।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 4 July 2026, 2:17 PM IST
google-preferred

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र से करीब 22 महीने पहले लापता हुआ 15 वर्षीय छात्र राजस्थान के अजमेर में सकुशल मिल गया। पुलिस जांच में सामने आया कि छात्र घर से नाराज होकर यूट्यूबर 'इंडियन हैकर' से मिलने के लिए निकला था। हालांकि, उनसे मुलाकात नहीं हो सकी, जिसके बाद उसने अजमेर के एक होटल में काम करना शुरू कर दिया। फेसबुक पर वायरल एक तस्वीर की मदद से पुलिस ने उसकी लोकेशन का पता लगाया और उसे सुरक्षित परिवार के पास पहुंचा दिया।

स्कूल के लिए निकला, फिर नहीं लौटा

दरअसल, छात्र 3 सितंबर 2024 की सुबह स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद परिजनों ने उसी दिन गुलरिहा थाने में अपहरण की आशंका जताते हुए गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पिता की डांट के बाद लिया फैसला

परिजनों के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले पढ़ाई को लेकर पिता ने उसे डांट दिया था। इसी बात से नाराज होकर उसने घर छोड़ दिया और बिना किसी को बताए राजस्थान के अजमेर के लिए निकल गया।

फेसबुक पोस्ट से मिला सुराग

करीब 22 महीने बाद परिजनों ने फेसबुक पर एक पोस्ट में छात्र की तस्वीर देखी। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तस्वीर के आधार पर जांच शुरू की और छात्र की लोकेशन अजमेर में ट्रेस कर ली।

Gorakhpur News: सरयू नदी में पलटी मोटर बोट, 5 यात्री नदी में गिरे, लाइफ जैकेट से टला बड़ा हादसा

होटल में काम करते मिला छात्र

गोरखपुर पुलिस की टीम स्थानीय पुलिस की मदद से अजमेर पहुंची। तलाश के दौरान छात्र एक होटल में काम करते हुए मिला। पूछताछ में उसने बताया कि वह यूट्यूबर 'इंडियन हैकर' से मिलने गया था, लेकिन मुलाकात नहीं होने पर वहीं नौकरी करने लगा।

जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस छात्र को गोरखपुर लेकर आई और उसे उसके परिजनों को सौंप दिया। परिवार से मुलाकात के दौरान भावुक माहौल देखने को मिला।

सीओ (CO) गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि छात्र सकुशल मिल गया है। सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं और इसके बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।

Location :  Gorakhpur

Published :  4 July 2026, 2:08 PM IST

Advertisement