हिंदी
स्नैपचैट पर किशोरी की तस्वीरें डालकर ब्लैकमेल (फोटो: AI, Pexels)
Farrukhabad: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में 15 वर्षीय किशोरी की आपत्तिजनक तस्वीरें Snapchat पर अपलोड कर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस से शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। बाद में पुलिस अधीक्षक (SP) से शिकायत करने पर जांच कराई गई, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली महिला की शिकायत पर अनुज उर्फ नन्हू, उसके पिता रामपाल तथा नेकपुर कलां निवासी महेश और सुरदीप के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
महिला का आरोप है कि 29 जून को अनुज ने उसकी 15 वर्षीय बेटी की आपत्तिजनक तस्वीरें Snapchat ID पर अपलोड कर दीं और इसके बाद उसे ब्लैकमेल करने लगा। पीड़िता की मां का कहना है कि जब वह आरोपी के घर शिकायत करने पहुंची तो आरोपी के पिता ने अभद्र व्यवहार किया और उसे वहां से भगा दिया। साथ ही बेटी का अपहरण करने की धमकी भी दी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी कुछ ऐसे युवकों के साथ रहता है, जो नशे की हालत में अश्लील वीडियो और तस्वीरें बनाते हैं। परिवार को इस घटना की जानकारी तब हुई, जब अन्य युवकों के मोबाइल में किशोरी की तस्वीरें दिखाई दीं।
महिला ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस से की थी और 1076 हेल्पलाइन पर भी सूचना दी थी। उसका आरोप है कि शिकायत के बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और हेल्पलाइन से संपर्क भी किया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। गोपनीय जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई।
पीड़िता की मां घरों में झाड़ू-पोछा और बर्तन धोने का काम कर परिवार का पालन-पोषण करती है, जबकि उसके पति बीमार रहते हैं। महिला का कहना है कि घटना के बाद उसकी बेटी डरी हुई है और घर से बाहर निकलने में भी घबराती है। परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपी अब भी उनका पीछा कर परेशान कर रहे हैं। फर्रुखाबाद के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र में भी सोशल मीडिया के जरिए धमकी देने का एक मामला सामने आया है।
एक युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि इटावा जिले के उसराहार थाना क्षेत्र के उदयपुर खुर्द निवासी निखिलेश उसकी बहन की Instagram ID पर लगातार धमकी भरे संदेश भेज रहा था। इससे पूरा परिवार भयभीत था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Location : Farrukhabad
Published : 4 July 2026, 2:07 PM IST