हिंदी
फ़ाइल फोटो (Img: Dynamite News)
Maharajganj: जिले के घुघली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मठिया में शुक्रवार की रात हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। 19 वर्षीय युवक संगम तिवारी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। शनिवार सुबह जब काफी देर तक वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को चिंता हुई। दरवाजा खोलने पर संगम का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह करीब आठ बजे तक संगम अपने कमरे से बाहर नहीं आया। काफी देर तक कोई आवाज या हलचल नहीं होने पर घरवालों ने कमरे का दरवाजा खोला। अंदर का नजारा देखकर सभी स्तब्ध रह गए। संगम फंदे से लटका हुआ था। आनन-फानन में आसपास के लोगों को सूचना दी गई, जिसके बाद पूरे गांव में घटना की खबर फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय घर में केवल युवक की मां और छोटे बच्चे मौजूद थे। मृतक के पिता गोरखपुर में एक मंदिर में पुजारी के रूप में सेवा दे रहे थे, जबकि उसके दादा भी पूजा-पाठ के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही दोनों तत्काल घर के लिए रवाना हुए। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही घुघली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। कमरे और आसपास की परिस्थितियों का भी परीक्षण किया गया ताकि घटना की सही वजह सामने आ सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।
Location : Maharajganj
Published : 4 July 2026, 2:58 PM IST
Topics : hangs investigating Maharajganj police room