हिंदी
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
Ambedkar Nagar: जिले की नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा स्थित प्रसिद्ध दरगाह क्षेत्र एक बार फिर धर्म परिवर्तन और युवतियों के शोषण के आरोपों को लेकर चर्चा में है। आजमगढ़ की दो सगी बहनों के अपहरण और कथित धर्म परिवर्तन के मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में संचालित लॉज, गेस्ट हाउस और होम स्टे की गतिविधियों पर भी सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस के मुताबिक 19 वर्षीय आरोपी राज उर्फ अहमद ने आजमगढ़ की दो बहनों को अपने प्रेम जाल में फंसाया। आरोप है कि वह पहले अपना नाम केवल “राज” बताता था और बाद में युवतियों को सुनहरे भविष्य का सपना दिखाकर धर्म परिवर्तन के लिए तैयार करता था।
प्राथमिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी कई अन्य हिंदू लड़कियों और महिलाओं के संपर्क में था। पुलिस को आशंका है कि वह उन्हें भी अपने प्रभाव में लेकर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश कर रहा था। हालांकि इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पीड़ित बहनों के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने दोनों बहनों को बरामद कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
किछौछा क्षेत्र में संचालित गेस्ट हाउस, लॉज और होम स्टे पहले भी विवादों में रहे हैं। आरोप है कि यहां बिना पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों की जांच किए लोगों को कमरे किराये पर दिए जाते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बाहरी राज्यों और यूपी के दूसरे जिलों से आने वाले लोग यहां बिना किसी सत्यापन के ठहरते रहे हैं। हाल ही में वाराणसी से भागकर आए एक प्रेमी युगल ने भी इसी क्षेत्र में शरण ली थी, जिसके बाद धर्म परिवर्तन की आशंका को लेकर काफी हंगामा हुआ था।
इससे पहले दरगाह क्षेत्र में एक मौलाना पर झाड़फूंक के बहाने महिला के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा था। महिला के पति की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिकांश गेस्ट हाउसों में सीसीटीवी कैमरे तक नहीं लगे हैं, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखना मुश्किल हो जाता है। प्रशासन ने पहले भी कई बैठकें कर नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर सुधार नहीं दिखाई दे रहा है।
अब पुलिस आरोपी अहमद उर्फ राज के पूरे नेटवर्क और गतिविधियों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में जो भी लोग सहयोगी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किछौछा क्षेत्र में संचालित गेस्ट हाउस और होम स्टे की जांच भी तेज कर दी गई है।
Location : Ambedkar Nagar
Published : 15 May 2026, 6:20 PM IST