Jalaun News: रिश्वत लेते कानूनगो गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम पर हमला; अफरातफरी के बीच ऐसे ले गई पुलिस

जालौन की Orai तहसील परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब झांसी एंटी करप्शन टीम ने जमीन की हदबंदी की फाइल पास कराने के एवज में रिश्वत लेते कानूनगो और उसके सहयोगी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 15 May 2026, 5:18 PM IST
google-preferred

Jaulaun: जालौन की Orai तहसील परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब झांसी एंटी करप्शन टीम ने जमीन की हदबंदी की फाइल पास कराने के एवज में रिश्वत लेते कानूनगो और उसके सहयोगी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान तहसील परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई और टीम पर हमला कर दिया गया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।

10 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया कानूनगो

जानकारी के अनुसार डकोर थाना क्षेत्र के ग्राम ऐरी रमपुरा निवासी अनिल राजपूत ने अपनी जमीन की हदबंदी कराने के लिए तहसील में आवेदन किया था। फाइल पूरी होने के बाद 30 अप्रैल को यह कानूनगो संदीप कुमार तिवारी के पास पहुंची।

आरोप है कि कानूनगो ने हदबंदी की फाइल पास कराने के एवज में किसान से 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। जब किसान ने इसका विरोध किया और कहा कि वह वैधानिक प्रक्रिया से काम करा रहा है तो पैसे क्यों दे, तब कानूनगो ने कथित तौर पर उसे ज्यादा “ज्ञान” न देने की बात कही।

इसके बाद पीड़ित किसान ने मामले की शिकायत झांसी एंटी करप्शन टीम से कर दी। शिकायत की जांच के बाद टीम ने जाल बिछाया और शुक्रवार दोपहर उरई तहसील परिसर में कानूनगो संदीप कुमार तिवारी और उसके प्राइवेट सहयोगी राजेंद्र श्रीवास्तव को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के दौरान टीम पर हमला

जैसे ही एंटी करप्शन टीम दोनों आरोपितों को लेकर तहसील परिसर से बाहर निकलने लगी, वहां मौजूद करीब 100 से अधिक लोगों की भीड़ ने टीम को घेर लिया। आरोप है कि कुछ लोगों ने टीम के सदस्यों के साथ धक्का-मुक्की और हमला भी किया।

स्थिति बिगड़ती देख टीम ने किसी तरह कानूनगो और उसके सहयोगी को गाड़ी में बैठाया और वहां से निकलने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि कुछ अन्य वाहन भी टीम की गाड़ियों के पीछे लग गए, जिससे तनावपूर्ण माहौल बन गया।

एट थाने में दर्ज हुआ मुकदमा

हालात को देखते हुए एंटी करप्शन टीम आरोपितों को सीधे एट थाने लेकर पहुंची। वहां दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद टीम दोनों आरोपितों को अपने साथ झांसी ले गई।

घटना के बाद तहसील परिसर में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और टीम पर हमला करने वालों की पहचान भी की जा रही है।

Location :  Jalaun

Published :  15 May 2026, 5:18 PM IST

Advertisement