हिंदी
बदायूं: मैरिज हॉल से 1 साल का मासूम चोरी(Source: dynamite News)
Budaun: जनपद के सहसवान थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एक मैरिज हॉल के कमरे से 1 साल के मासूम बच्चे को चोरी कर लिया गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और बच्चे की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, जनपद संभल के रजपुरा थाना क्षेत्र के सिरसा गांव निवासी भूकन सिंह अपनी पत्नी शांति देवी के साथ 15 अप्रैल 2026 को बदायूं आए थे। वे इस्लामनगर क्षेत्र के ग्राम मई कला निवासी अपनी रिश्तेदार कामिनी की शादी में शामिल होने 'मोनार्क फार्म' वैंकट हॉल पहुंचे थे।
शादी में जब जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था, तब शांति देवी का 1 साल का बेटा सौरभ सोने लगा। माँ ने उसे सुरक्षित समझकर मैरिज होम के एक कमरे में सुला दिया और खुद जयमाला देखने चली गईं।
16 अप्रैल की रात करीब 12:35 बजे (00:35 AM), जब परिवार शादी की रस्मों में व्यस्त था, तभी एक अज्ञात महिला कमरे में दाखिल हुई और सो रहे मासूम सौरभ को उठाकर फरार हो गई। जब माँ कमरे में वापस लौटी, तो बच्चा गायब देख उसके होश उड़ गए। शोर मचने पर परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
Muzaffarnagar: पुलिस चौकी के सामने महिलाओं का ‘महायुद्ध’, बीच सड़क खिंचे बाल, वीडियो वायरल
मैरिज हॉल के सीसीटीवी फुटेज ने इस सनसनीखेज वारदात की पुष्टि कर दी है, जिसमें एक संदिग्ध महिला मासूम बच्चे को उठाकर ले जाते हुए साफ दिखाई दे रही है। पुलिस अब इस फुटेज को मुख्य आधार बनाकर जांच को आगे बढ़ा रही है, साथ ही शादी की वीडियो रिकॉर्डिंग करने वाले कैमरों को भी बारीकी से खंगाला जा रहा है ताकि महिला की पहचान और उसके आने-जाने के रास्ते का सटीक पता लगाया जा सके।
US का बड़ा फैसला: रूस-ईरान तेल पर छूट खत्म, भारत पर क्या होगा असर?
सहसवान थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।
इस घटना ने मैरिज हॉलों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों में अनजान लोगों की आवाजाही ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन ली हैं।
Location : Budaun
Published : 17 April 2026, 2:06 AM IST
Topics : Budaun CCTV Viral kidnapping Sahaswan UP Police