हिंदी
आरोपी प्रेमिका और प्रेमी
Moradabad: मुरादाबाद में पीतल कारोबारी के घर हुई करोड़ों की डकैती का ऐसा खुलासा हुआ है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि इस वारदात की मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि कारोबारी की 21 साल की बेटी अरीबा थी। उसने अपने प्रेमी अरशद के साथ मिलकर पूरी साजिश रची और डिजिटल लॉक खोलकर बदमाशों को घर के अंदर एंट्री दिलाई। पुलिस ने मामले में अरीबा, उसके प्रेमी अरशद समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
2018 में शुरू हुई थी दोस्ती
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अरीबा और अरशद की दोस्ती साल 2018 में हुई थी। उस समय अरशद दिल्ली रोड स्थित आईएफटीएम यूनिवर्सिटी में बीफार्मा की पढ़ाई कर रहा था। वहीं अरीबा की रिश्ते की बहन भी पढ़ती थी, जिसने दोनों की पहचान कराई थी।
धीरे-धीरे दोनों के बीच फोन, फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम पर बातचीत बढ़ी और रिश्ता प्यार में बदल गया। अरीबा अरशद से शादी करना चाहती थी, लेकिन शुरुआत में अरशद उसकी कम उम्र का हवाला देकर बात टालता रहा। दो साल पहले अरीबा बालिग हुई तो उसने शादी के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया।
गरीबी बनी शादी में रुकावट
पुलिस के मुताबिक अरशद ने अरीबा से कहा था कि वह आर्थिक रूप से कमजोर है और अलग बिरादरी होने की वजह से उसका परिवार शादी के लिए तैयार नहीं होगा। इस पर अरीबा ने हर तरह से साथ देने का भरोसा दिलाया। बताया जा रहा है कि वह पहले भी घर से लाखों रुपये निकालकर अरशद को दे चुकी थी, लेकिन वह रकम खर्च हो जाती थी।
इसके बाद दोनों ने भागकर शादी करने की योजना बनाई, लेकिन अरीबा चाहती थी कि शादी से पहले अरशद आर्थिक रूप से मजबूत हो जाए। इसी सोच के तहत उसने अपने ही घर में डकैती की साजिश रच डाली।
घर के पैसों की जानकारी प्रेमी तक पहुंचाती थी अरीबा
करीब छह महीने से अरीबा घर में आने वाली रकम और पैसों की जानकारी अरशद को दे रही थी। उसने ही बताया था कि रविवार को घर में करोड़ों रुपये रखे जाएंगे। पुलिस के अनुसार अरीबा ने घर में रखी नकदी की तस्वीरें भी अरशद को भेजी थी। इसके बाद अरशद ने अपने कॉलेज दोस्त कुलदीप से संपर्क किया। कुलदीप ने अपने ममेरे भाई रवि को साथ जोड़ा और फिर रवि ने निक्की नाम के युवक से बात कराई। धीरे-धीरे करीब 10 लोगों का गैंग तैयार किया गया और डकैती की योजना बना ली गई।
डिजिटल लॉक खोलकर बदमाशों को बुलाया
पुलिस के मुताबिक रविवार देर रात अरीबा ने रिमोट से घर का डिजिटल लॉक खोला और बदमाशों को अंदर बुलाया। इसके बाद घर में करोड़ों रुपये की डकैती को अंजाम दिया गया। यह घटना नागफनी के बंगला गांव स्थित अकबर कंपाउंड में रहने वाले पीतल कारोबारी इमरान के घर हुई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अरीबा, अरशद समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही 47.24 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
Location : Moradabad
Published : 15 May 2026, 5:44 PM IST