आगरा के होटल में हंगामा: जीजा ने साले को महिला के साथ पकड़ा, सड़क पर हुई मारपीट

आगरा के इरादतनगर क्षेत्र में एक होटल में व्यक्ति ने अपने साले को एक महिला के साथ देख लिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद और मारपीट हो गई। होटल के बाहर काफी देर तक हंगामा चला और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

Updated : 11 June 2026, 2:38 PM IST
google-preferred

Agra:  इरादतनगर थाना क्षेत्र में एक होटल के बाहर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक व्यक्ति ने अपने साले को कथित तौर पर एक महिला के साथ होटल में पकड़ लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद और मारपीट हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

होटल में देखकर हुआ शक

जानकारी के अनुसार, सरसा निवासी हरवीर सिंह मंगलवार दोपहर अपनी ससुराल जा रहे थे। रास्ते में मुबारकपुर मोड़ के पास स्थित एक होटल के बाहर उन्होंने अपने साले को कुछ लोगों के साथ देखा। हरवीर को शक हुआ तो वह होटल के अंदर पहुंच गए। वहां उन्होंने अपने साले को एक महिला के साथ कमरे में देख लिया। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

सड़क पर हुआ विवाद और मारपीट

हरवीर सिंह का आरोप है कि उनके साले की हरकतों से उसका परिवार परेशान है। उन्होंने साले को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात बढ़ गई और गाली-गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। होटल के बाहर सड़क पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आसपास के लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

पुलिस पहुंची तो भाग निकले आरोपी

घटना की सूचना मिलने के बाद यूपी-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को आता देख साला और उसके साथ मौजूद लोग वहां से फरार हो गए। पुलिस ने होटल में जांच शुरू की। इसी दौरान पता चला कि महिला होटल की चौथी मंजिल पर पानी की टंकी के पास छिपी हुई है। बताया गया कि वह पुलिस से बचने के लिए वहां जाकर बैठ गई थी।

टंकी के पास छिपी मिली महिला

पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद महिला को नीचे उतारा। इसके लिए सीढ़ी का सहारा लेना पड़ा। होटल की छत पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने महिला से पूछताछ की और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। हालांकि अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक किसी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं हुआ है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर भी लोग अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

Location :  Agra

Published :  11 June 2026, 2:38 PM IST

Advertisement