आगरा के चर्चित हत्याकांड में कोर्ट का बड़ा फैसला; संपत्ति विवाद में बहन की हत्या करने वाले भाई को फांसी की सजा

आगरा के शाहगंज क्षेत्र में वर्ष 2022 में संपत्ति विवाद को लेकर अपनी सगी बहन की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी ललित उर्फ निक्कू चौधरी को कोर्ट ने दोषी मानते हुए फांसी की सजा सुनाई है। अदालत ने गवाहों और साक्ष्यों के आधार पर यह बड़ा फैसला सुनाया।

Updated : 16 June 2026, 1:00 PM IST
google-preferred

Agra: उत्तर प्रदेश के जिले आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र के भोगीपुरा में वर्ष 2022 में हुए चर्चित हत्याकांड मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। अपनी सगी बहन पूनम चौधरी की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी ललित उर्फ निक्कू चौधरी को कोर्ट ने दोषी ठहराते हुए फांसी की सजा सुनाई है। एडीजे-5 मृदुल दुबे की अदालत ने मामले को गंभीर मानते हुए यह फैसला दिया।

संपत्ति विवाद बना हत्या की वजह

जानकारी के अनुसार, यह घटना 26 नवंबर 2022 की सुबह की है। शाहगंज थाना क्षेत्र के जोगी पाड़ा निवासी पूनम चौधरी अपने पिता की मौत के बाद संपत्ति में हिस्सा मांग रही थीं। बताया गया कि पूनम और उनकी भाभी नीलू चौधरी दुकान के किराये और संपत्ति में अपने अधिकार की बात कर रही थीं। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन पूनम और नीलू दुकान पर ताला लगा रही थीं। तभी ललित चौधरी उर्फ निक्कू वहां पहुंच गया और ताला लगाने का विरोध करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर गोली चला दी।

दिनदहाड़े चली गोलियां, मौके पर हुई मौत

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी ने पूनम चौधरी पर कई राउंड फायरिंग की। गोली लगने से पूनम गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना में नीलू चौधरी भी घायल हुई थीं। उनके हाथ की बाजू में गोली लगी थी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी वारदात को अंजाम देकर पीछे के रास्ते से फरार हो गया था।

वीडियो भी बनाया गया था

बताया गया कि घटना से पहले दुकान पर ताला लगाने का वीडियो भी बनाया जा रहा था। उसी दौरान विवाद बढ़ा और आरोपी ने गोलीबारी कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई थी।

पुलिस ने मुठभेड़ में किया था गिरफ्तार

हत्या के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई थी। पुलिस ने 28 नवंबर 2022 को मुठभेड़ के दौरान ललित चौधरी को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद मामले की सुनवाई अदालत में चल रही थी। कोर्ट ने गवाहों, साक्ष्यों और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आरोपी को दोषी माना और फांसी की सजा सुनाई। अदालत के फैसले के बाद पीड़ित परिवार ने न्याय मिलने की बात कही है।

Location :  Agra

Published :  16 June 2026, 1:00 PM IST

Related News

Advertisement