हिंदी
मौके पर पुलिस
Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पिनाहट थाने से निलंबित चल रहे सिपाही विवेक कुमार का शव शनिवार सुबह सिकंदरा क्षेत्र के कैलाश मोड़ स्थित फुट ओवर ब्रिज पर संदिग्ध हालात में मिला।
मौके पर चूहे मारने की दवा भी बरामद हुई है, जिससे पुलिस इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला मान रही है। हालांकि, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
विवेक कुमार, बुलंदशहर के निवासी थे। वर्ष 2015 में वे उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती हुए थे और वर्तमान में आगरा में तैनात थे।
बताया जा रहा है विवेक छुट्टी लेकर घर गए उसके बाद ड्यूटी पर नहीं लौटे, विवेक को गैर हाजिर रहने पर निलंबित कर दिया गया और अब 27 सितंबर 2025 को उनका शव संदिग्ध स्थिति में मिला है।
शनिवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक का शव फुट ओवर ब्रिज पर पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहचान पत्र के आधार पर शव की शिनाख्त सिपाही विवेक कुमार के रूप में की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है, हालांकि अब तक आत्महत्या की ही आशंका जताई जा रही है।
विवेक के स्वजन को भी घटना की सूचना दे दी गई है। परिवार और विभाग दोनों ही स्तब्ध हैं। सवाल यह है कि क्या वाकई यह आत्महत्या है, या इसके पीछे कोई और राज़ छुपा है। फिलहाल जांच जारी है और सच्चाई सामने आना अभी बाकी है।
Location : Agra
Published : 27 September 2025, 6:50 PM IST
Topics : Agra DeadBody police uttar pradesh