आगरा में दर्दनाक हादसा: पिता और 3 साल की बेटी की मौके पर मौत

आगरा में सगाई समारोह में जा रहे पिता और तीन साल की बेटी की सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वाहन की तलाश जारी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 27 April 2026, 6:15 AM IST
google-preferred

Agra: आगरा में रविवार दोपहर एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने हर किसी को अंदर तक झकझोर दिया। सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे पिता और उसकी मासूम बेटी को रास्ते में ही तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर तड़पते रहे और कुछ ही पलों में उनकी सांसें थम गईं। खुशियों से भरा घर अचानक मातम में बदल गया और पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया।

क्या है पूरा मामला

घटना न्यू दक्षिणी बाईपास पर गांव मुड़हेरा के पास की है। जानकारी के अनुसार, फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के सोनोटी गांव निवासी 28 वर्षीय सतपाल बघेल अपनी तीन वर्षीय बेटी कनक के साथ बाइक से मलपुरा थाना क्षेत्र के कबूलपुर गांव जा रहे थे। उन्हें अपने रिश्तेदार के सगाई समारोह में शामिल होना था।

मासूम को गमछे से बांध रखा था

बताया जा रहा है कि सतपाल ने अपनी बेटी कनक को सुरक्षा के लिए अपने सामने बैठाकर गमछे से बांध रखा था। लेकिन किसे पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा।

तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर

जैसे ही वे मुड़हेरा गांव के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर ही तोड़ा दम

हादसे के बाद राहगीर तुरंत मौके पर रुके और मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पिता और बेटी दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद वहां भारी भीड़ जमा हो गई और हर कोई इस दर्दनाक मंजर को देख स्तब्ध रह गया।

परिजनों में मचा कोहराम

सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। रो-रोकर उनका बुरा हाल था। बताया जा रहा है कि सतपाल की पत्नी मीना कुछ दिन पहले ही अपने मायके आई थीं और परिवार में सगाई को लेकर खुशी का माहौल था, जो अब मातम में बदल गया।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद वशिष्ठ के अनुसार, हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी को जल्द पकड़ा जा सके।

ग्रामीणों की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने बाईपास पर तेज रफ्तार भारी वाहनों पर रोक लगाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

Location :  Agra

Published :  27 April 2026, 6:15 AM IST

Advertisement