पनियरा में पाकिस्तान विरोधी स्टेटस लगाने पर युवक की पिटाई, गंभीर रूप से घायल

पनियरा में पाकिस्तान विरोधी स्टेटस लगाने को लेकर अराजक तत्वों ने एक युवक की बुरी तरह पिटाई की है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी ख़बर

Post Published By: अरुण गौतम
Updated : 6 May 2025, 7:07 PM IST
google-preferred

पनियरा (महराजगंज): सोशल मीडिया पर पाकिस्तान विरोधी स्टेटस लगाना एक युवक को भारी पड़ गया। मामला नगर पंचायत पनियरा के वार्ड नं. 7 राम-जानकी नगर का है, जहां एक समुदाय के कुछ युवकों ने एक 22 वर्षीय युवक को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया। घायल युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा लाया गया, जहां से गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार, रजौड़ा खुर्द निवासी दुर्विजय यादव अपने फूफा के यहां पनियरा के राम-जानकी नगर में रह रहा था। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले कश्मीर के पहलगाम में हुई आतंकी घटना को लेकर दुर्विजय ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर पाकिस्तान विरोधी संदेश साझा किया था। यही स्टेटस कुछ युवकों को नागवार गुज़रा। इसके बाद उन्होंने दुर्विजय को सबक सिखाने की योजना बनाई।

मंगलवार को उसी वार्ड के दो युवकों ने दुर्विजय को मैसेज कर यह कहकर बुलाया कि वे हॉकी खेलने चलेंगे। जब दुर्विजय गांव से बाहर पहुंचा तो वहां पहले से कुछ युवक मौजूद थे। उन्होंने दुर्विजय को एक खेत की ओर ले जाकर उस पर अचानक हमला कर दिया। युवक की लाठी-डंडों और अन्य साधनों से जमकर पिटाई की गई। इस हमले में दुर्विजय गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। घायल अवस्था में दुर्विजय को तत्काल पनियरा पीएचसी लाया गया, जहां उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

इस घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना क्षेत्र में आक्रोश का कारण बन गई है। सोशल मीडिया पर एक स्टेटस के कारण इस तरह की हिंसक प्रतिक्रिया से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि इस मामले में निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को सख्त सजा मिले ताकि भविष्य में कोई इस तरह की घटना को अंजाम देने की हिम्मत न कर सके।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 6 May 2025, 7:07 PM IST

Advertisement
Advertisement