हिंदी
बिजनौर के शहर कोतवाली क्षेत्र में चक्कर रोड पर महिला पर फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। गोली महिला को न लगकर गाड़ी के टायर में लगी। भीड़ ने आरोपी देवर और उसके दोस्त को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
Symbolic Photo
बिजनौर के शहर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब चक्कर रोड पर एक युवक ने बीच सड़क पर महिला पर तमंचा तानकर फायर कर दिया। गोली की आवाज सुनते ही लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे। गनीमत रही कि महिला बाल-बाल बच गई और गोली गाड़ी के टायर में जा लगी। कुछ ही मिनटों में मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ ने दोनों आरोपितों को घेर लिया और जमकर पिटाई कर दी।
पांच महीने से मायके में रह रही थी महिला
जानकारी के मुताबिक, गांव पेद्दा निवासी हिमांशु का अपनी पत्नी मोनी गुप्ता से विवाद चल रहा है। विवाद के चलते मोनी पिछले पांच महीने से अपने बच्चों के साथ मायके गांव कुम्हेड़ा में रह रही थी। शुक्रवार को वह अपने भाई और बच्चों के साथ बिजनौर की कुटिया कॉलोनी में एक रिश्तेदार के यहां जन्मदिन समारोह में शामिल होने आ रही थी।
रास्ते में हुई कहासुनी, बढ़ा विवाद
इसी दौरान चक्कर रोड पर उसकी मुलाकात पति हिमांशु से हो गई। दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे बढ़ती चली गई। थोड़ी देर बाद हिमांशु का भाई सुधांशु अपने दोस्त सचिन के साथ बाइक से वहां पहुंच गया। दोनों के आते ही माहौल और गर्म हो गया और विवाद तेज हो गया।
देवर ने निकाला तमंचा, भाभी पर दागी गोली
आरोप है कि इसी बीच सुधांशु ने तमंचा निकाल लिया और अपनी भाभी पर फायर कर दिया। गोली सीधे महिला की ओर चली, लेकिन वह बच गई और गाड़ी के टायर में जा धंसी। गोली चलते ही सड़क पर भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए सुधांशु और उसके दोस्त सचिन को पकड़ लिया और पीटते हुए पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने तमंचा बरामद किया, पति फरार
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया। सीओ संग्राम सिंह ने बताया कि आरोपियों से तमंचा बरामद कर लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। महिला ने दोनों के खिलाफ तहरीर दे दी है। वहीं, घटना के बाद पति हिमांशु मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।