15 साल पहले बेटे की हत्या, अब घर पर कब्जे का दर्द! मैनपुरी की विधवा मां ने कहा- एसपी साहब! अब आपसे ही उम्मीद

मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय विधवा महिला ने अपने ही रिश्तेदारों पर मकान कब्जाने और धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसकी गैरमौजूदगी में जेठ के बेटों ने मकान पर कब्जा कर लेंटर डलवा लिया। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। जानिए पूरा मामला...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 2 September 2026, 1:07 PM IST
google-preferred

Mainpuri: मैनपुरी में एक बुजुर्ग विधवा महिला ने अपने ही रिश्तेदारों पर मकान कब्जाने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि जब वह अपने मायके में रह रही थी, तभी जेठ के बेटों ने उसकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर मकान पर कब्जा कर लिया। अब 70 साल की महिला न्याय की आस में पुलिस अधीक्षक के दरबार पहुंची है और कार्रवाई की गुहार लगाई है।

पति की मौत के बाद मायके में रहने लगी महिला

मामला थाना करहल क्षेत्र के ग्राम देवमऊ का है। यहां रहने वाली करीब 70 वर्षीय शांति देवी पत्नी स्वर्गीय यश प्रसाद ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र दिया है। महिला ने बताया कि उनके बेटे सतीश की करीब 15 साल पहले अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी थी। बेटे की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इसके बाद उनके पति ने गांव में एक मकान बनवाया था, लेकिन आर्थिक परेशानियों के चलते मकान पर लेंटर नहीं पड़ सका। पति की मृत्यु के बाद शांति देवी अकेली पड़ गई और मजबूरी में अपने मायके ग्राम लालपुर (थाना दन्नाहार) में भाइयों के साथ रहने लगी।

गैरमौजूदगी में मकान पर कब्जे का आरोप

शांति देवी का आरोप है कि इसी दौरान उनके जेठ के बेटे मुन्नालाल और प्रदीप प्रजापति ने उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाया। आरोप है कि दोनों ने दबंगई दिखाते हुए मकान पर कब्जा कर लिया और उस पर लेंटर भी डलवा दिया। जब महिला को इसकी जानकारी हुई तो वह अपनी ससुराल पहुंची और मकान पर लेंटर डालने को लेकर आरोपियों से जानकारी मांगी।

गाली-गलौज और धमकी देने का लगाया आरोप

पीड़िता का आरोप है कि सवाल करने पर मुन्नालाल और प्रदीप ने उसके साथ अभद्रता की। महिला ने आरोप लगाया कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि अब इस मकान पर उसका कोई अधिकार नहीं है। साथ ही ज्यादा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

SP से लगाई न्याय की गुहार

शांति देवी का कहना है कि वह शिकायत लेकर थाना करहल पहुंची थीं, लेकिन उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, कानूनी कार्रवाई करने और अपने मकान पर अधिकार दिलाने की मांग की है। फिलहाल महिला ने पुलिस प्रशासन से न्याय की उम्मीद जताई है। अब देखना होगा कि इस मामले में पुलिस की जांच के बाद क्या कार्रवाई होती है।

Location :  Mainpuri

Published :  2 September 2026, 1:07 PM IST

Related News

Advertisement