कांवड़ यात्रा में नोएडा से हरिद्वार के लिए चलेंगी 50 स्पेशल बसें, जानिए टाइमिंग

कांवड़ियों को परेशानी न हो, इसके लिए हर आधे घंटे में एक बस मोरना डिपो से हरिद्वार के लिए रवाना होगी। यात्रियों की अधिकता होने पर यह सेवा रात के समय भी जारी रहेगी।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 6 July 2025, 4:56 PM IST
google-preferred

Noida News: कांवड़ यात्रा को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने व्यापक तैयारियां कर ली हैं।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, कांवड़ियों की सुविधा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस बार नोएडा के मोरना डिपो से कुल 50 विशेष बसों का संचालन किया जाएगा। इनमें से 40 बसें नियमित रूप से चलेंगी, जबकि 10 बसों को रिजर्व में रखा गया है, जिन्हें जरूरत के अनुसार अतिरिक्त यात्रियों की संख्या बढ़ने पर चलाया जाएगा।

हर आधे घंटे पर मिलेगी बस सेवा

मोरना डिपो के एआरएम रोहिताश कुमार ने जानकारी दी कि कांवड़ियों को परेशानी न हो, इसके लिए हर आधे घंटे में एक बस मोरना डिपो से हरिद्वार के लिए रवाना होगी। यात्रियों की अधिकता होने पर यह सेवा रात के समय भी जारी रहेगी। बसों में महिलाओं और बुजुर्गों के लिए विशेष सुविधा रहेगी। कंडक्टर उन्हें स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी पूछकर उनकी स्थिति के अनुसार सहायता प्रदान करेंगे।

डिपो पर हेल्प डेस्क और कंट्रोल रूम

कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डिपो परिसर में एक हेल्प डेस्क और कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जा रहा है, जो यात्रियों को मार्गदर्शन और सहायता प्रदान करेगा। डिपो प्रबंधक ने बताया कि इन विशेष बसों का संचालन 11 जुलाई से शुरू किया जाएगा और यह सेवा प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक उपलब्ध रहेगी।

सुरक्षा और अनुशासन पर विशेष ध्यान

परिवहन विभाग ने इस बार सुरक्षा और अनुशासन के प्रति बेहद सख्त रुख अपनाया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बस ड्राइवर और कंडक्टर शराब सेवन की स्थिति में किसी भी हाल में ड्यूटी पर नहीं रहेंगे। इसके लिए ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट के माध्यम से नियमित जांच की जाएगी। सभी बसों को निर्धारित रूट पर ही चलाया जाएगा और बसों की सफाई पर भी विशेष जोर रहेगा।

कुछ अहम पाबंदियां भी लागू

  • 12 फुट से बड़ी कांवड़ को रोडवेज की बसों में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
  • कांवड़िए भाला, त्रिशूल या किसी भी नुकीली वस्तु को लेकर बस में यात्रा नहीं कर सकेंगे।

Location : 
  • Noida

Published : 
  • 6 July 2025, 4:56 PM IST

Related News

No related posts found.