हिंदी
गिरफ्तार आरोपी (Img : Dynamite News)
पुलिस के अनुसार, प्रयागराज के खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के लूकरगंज निवासी रचना चावला पत्नी दिनेश चावला ने 9 अक्टूबर 2026 को साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए उनसे संपर्क किया और खुद को दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताया।
आरोपियों ने महिला से कहा कि उनके नाम से दिल्ली के एक बैंक खाते में मनी लॉन्ड्रिंग का पैसा आया है और इस मामले की जांच चल रही है। आरोपियों ने दावा किया कि संबंधित बैंक खाते में महिला का आधार कार्ड लगा हुआ है। इसके बाद उन्हें और उनके परिवार को जिंदगीभर जेल में रखने तथा उनका जीवन बर्बाद करने की धमकी दी गई।
पुलिस के मुताबिक, साइबर अपराधियों ने 29 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक महिला को डिजिटल अरेस्ट रखकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इस दौरान दिल्ली पुलिस का अधिकारी बनकर ऑनलाइन सुनवाई भी की जाती रही। आरोपियों ने भरोसा दिलाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) का फर्जी पत्र भी भेजा।
लगातार धमकियों और मानसिक दबाव के बीच महिला ने 7 अक्टूबर को आरोपियों के बताए गए बैंक खाते में 13.50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर 9 अक्टूबर को मुकदमा संख्या 62/2026 दर्ज किया। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2), 308(6) और आईटी एक्ट की धारा 66C/66D के तहत कार्रवाई की गई।
मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों की केवाईसी (KYC), पैसों के लेन-देन (Fund Flow) और आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) तथा ग्राहक आवेदन फॉर्म (CAF) का विश्लेषण किया। डिजिटल निगरानी के जरिए पुलिस को बिहार के बांका जिले के बाराहाट थाना क्षेत्र के मघोटा गांव निवासी मोहम्मद अदनान के बारे में जानकारी मिली।
इसके बाद साइबर क्राइम थाना प्रयागराज की टीम ने 1 नवंबर 2026 को आरोपी को उसके गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बांका, बिहार के जिला जज न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद अदनान पुत्र मोहम्मद अहमद, निवासी ग्राम मघोटा, थाना बाराहाट, जिला बांका, बिहार के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 24 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने उसके कब्जे से सफेद रंग का एक ओप्पो मोबाइल फोन और RBI के फर्जी प्रपत्र बरामद किए हैं। इसके अलावा साइबर फ्रॉड से संबंधित 8.50 लाख रुपये फ्रीज कराए गए हैं।
इस कार्रवाई में साइबर क्राइम थाना प्रयागराज के निरीक्षक अर्जुन प्रसाद द्विवेदी, कांस्टेबल सुधांशु शेखर राय, सुनील यादव और रणवीर सिंह शामिल रहे।
पुलिस ने लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, कोई भी पुलिस अधिकारी, सीबीआई, ईडी या अन्य जांच एजेंसी फोन अथवा वीडियो कॉल के माध्यम से किसी व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट नहीं करती है। कानून में डिजिटल अरेस्ट जैसा कोई प्रावधान नहीं है।
पुलिस ने साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने या आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है। इसके अलावा पीड़ित अपने नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क पर जाकर लिखित शिकायत भी कर सकते हैं।
Location : Prayagraj
Published : 4 November 2026, 9:39 PM IST
Topics : Cyber Fraud News Digital Arrest Fraud Digital Arrest Scam Fake RBI Letter Mohd Adnan Arrested