हिंदी
निर्माण कार्य का शिलान्यास
Chandauli : नोएडा विधायक और भाजपा नेता पंकज सिंह शनिवार को अपने गृह जनपद चंदौली पहुंचे। जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। चकिया पहुंचने पर समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया। इसके बाद पंकज सिंह ने सावित्रीबाई फुले राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रस्तावित विज्ञान संकाय भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में हो रहे बदलावों को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, साथ ही विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा।
नोएडा विधायक और भाजपा नेता पंकज सिंह शनिवार को अपने गृह जनपद चंदौली पहुंचे। चकिया में उन्होंने सावित्रीबाई फुले राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रस्तावित विज्ञान संकाय भवन का शिलान्यास किया।@PankajSinghBJP pic.twitter.com/5V37JZBCyf
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) August 10, 2026
चकिया स्थित कॉलेज में बनने वाले विज्ञान संकाय भवन के लिए करीब 9 करोड़ 60 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। पंकज सिंह ने कहा कि इस भवन के बनने से विज्ञान विषय के विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के युवाओं को बेहतर शिक्षा का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि चकिया विधायक कैलाश आचार्य के प्रयासों से यह महत्वपूर्ण कार्य संभव हो पाया है। उन्होंने भरोसा जताया कि निर्माण कार्य जल्द पूरा होगा और आने वाले समय में इस भवन का उद्घाटन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई को लेकर भी पंकज सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि युवाओं की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर किसी मामले में दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। छात्रों की समस्याओं का समाधान भी जरूरी है।
उन्होंने नई शिक्षा नीति, मेडिकल कॉलेजों की बढ़ती संख्या और नकल विरोधी कानून को सरकार की बड़ी उपलब्धियां बताते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सकारात्मक बदलाव हो रहे हैं। गौरतलब है कि चकिया तहसील क्षेत्र में ही देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का पैतृक गांव भभौरा स्थित है।
Location : Chandauli
Published : 11 August 2026, 1:35 AM IST