मेरठ की बेटी पारुल चौधरी बनी डिप्टी एसपी, खेल क्षेत्र के बाद अब संभालेंगी कानून, पढ़िए खास खबर

पारुल चौधरी का नाम भारतीय एथलेटिक्स में एक बड़ी पहचान बन चुका है। मेरठ के दौराला क्षेत्र के एक छोटे से गांव से निकलकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का परचम लहराया। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 20 May 2025, 5:15 PM IST
google-preferred

मेरठ: भारत की शान और मेरठ की बेटी पारुल चौधरी ने सोमवार को एक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। खेल जगत में देश का नाम रोशन करने के बाद अब उन्होंने प्रशासनिक सेवा में कदम रखते हुए डिप्टी एसपी (पुलिस उप-अधीक्षक) के पद का कार्यभार संभाल लिया है। पारुल को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में तैनाती दी गई है। उन्होंने यह पदभार डॉ.भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी (मुरादाबाद) में अपने पिता कृष्णपाल, भाई रोहित और राहुल की उपस्थिति में ग्रहण किया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, पारुल चौधरी का नाम भारतीय एथलेटिक्स में एक बड़ी पहचान बन चुका है। मेरठ के दौराला क्षेत्र के एक छोटे से गांव से निकलकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का परचम लहराया। पारुल 3000 मीटर स्टीपलचेज की भारत की नंबर एक धाविका हैं। उन्होंने 2023 में चीन में आयोजित एशियाई खेलों (Asian Games) में 5000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक और 3000 मीटर स्टीपलचेज में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया था।

अर्जुन पुरस्कार भी मिला

उनकी इन असाधारण उपलब्धियों को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें डिप्टी एसपी पद पर नियुक्त करने की घोषणा की थी। वहीं केंद्र सरकार ने भी उन्हें 2023 में प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया। इसके अलावा उन्हें वर्ष 2021 में 'रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार' भी प्रदान किया गया था।

पेरिस ओलंपिक 2024 में भी लिया था हिस्सा

पारुल चौधरी ने पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय टीम का हिस्सा बनकर देश का प्रतिनिधित्व किया। हालांकि वे पदक नहीं जीत सकीं, लेकिन उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा। हाल ही में उन्होंने दोहा में आयोजित डायमंड लीग में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप टोक्यो के लिए क्वालिफाई कर लिया है।

मेहनत से हर मुकाम हासिल किया

पारुल चौधरी का जीवन संघर्ष, कड़ी मेहनत और लगन का प्रतीक है। गांव की पगडंडियों से शुरू हुआ उनका सफर आज देश की पुलिस सेवा तक पहुंचा है। खेल के साथ-साथ अब वे कानून व्यवस्था को भी मजबूती देने का काम करेंगी। युवाओं के लिए वे एक प्रेरणा हैं कि लगन और मेहनत से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।

पारुल चौधरी की प्रमुख उपलब्धियां

                    उपलब्धि  वर्ष/स्थान  पदक
एशियन गेम्स 5000 मीटर 2023, चीन स्वर्ण
एशियन गेम्स 3000 मीटर स्टीपलचेज 2023, चीन रजत
एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023, बैंकाक स्वर्ण
एशियन चैंपियनशिप 2018, बैंकाक कांस्य
राष्ट्रीय खेल 2022, गुजरात स्वर्ण
ओलंपिक में प्रतिभाग 2024, पेरिस -
अर्जुन पुरस्कार 2023 -
रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार 2021 -

 

Location : 

Published :