Samsung का बड़ा झटका: लॉन्च के महज एक हफ्ते बाद आठ हजार रुपये तक महंगा हुआ गैलेक्सी M47 5G, खरीदने से पहले देख लें नई कीमत

सैमसंग ने भारत में लॉन्च के महज एक हफ्ते बाद ही अपने नए Galaxy M47 5G स्मार्टफोन की कीमतों में 8,000 रुपये तक की भारी बढ़ोतरी कर दी है। अमेजन पर अब इसके सभी वेरिएंट काफी महंगे मिल रहे हैं। चिप की बढ़ती लागत या कंपनी की नई रणनीति, अचानक बढ़े दामों ने सबको चौंका दिया है।

Updated : 13 July 2026, 12:12 PM IST
google-preferred

New Delhi: अगर आप सैमसंग का नया स्मार्टफोन खरीदने की सोच रहे थे, तो आपके लिए एक हैरान करने वाली खबर है। सैमसंग ने हाल ही में भारत में अपना नया स्मार्टफोन Samsung Galaxy M47 5G लॉन्च किया था। लेकिन लॉन्च के महज एक हफ्ते के भीतर ही इस फोन की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हो गई है। कंपनी ने इस फोन को 4 जुलाई को बिक्री के लिए उपलब्ध कराया था, लेकिन अब ई-कॉमर्स वेबसाइट अमेजन इंडिया (Amazon India) पर यह फोन अपनी शुरुआती कीमत से 7,000 रुपये से लेकर 8,000 रुपये तक महंगा बिक रहा है।

वेरिएंट के हिसाब से जानिए कितनी बढ़ीं कीमतें

सैमसंग ने इस फोन को अलग-अलग रैम और स्टोरेज वेरिएंट में पेश किया था। लॉन्च के बाद अचानक बढ़ी कीमतों का पूरा गणित आप नीचे देख सकते हैं-

यह भी पढ़ें-Tech News: टेलीफोटो कैमरा से लेकर शानदार डिस्प्ले तक, Xiaomi 18 में जानें क्या होगा खास?

6GB RAM + 128GB वेरिएंट: इस बेस वेरिएंट की शुरुआती लॉन्च कीमत 25,999 रुपये तय की गई थी। वहीं, शुरुआती लॉन्च ऑफर के तहत ग्राहक इसे सिर्फ 22,999 रुपये में खरीद पा रहे थे। लेकिन अब अमेजन पर इसकी कीमत बढ़कर 32,999 रुपये हो गई है। यानी यह वेरिएंट लॉन्च कीमत से 7,000 रुपये और ऑफर प्राइस से पूरे 10,000 रुपये महंगा हो चुका है।

8GB RAM + 128GB वेरिएंट: इस वेरिएंट की प्रभावी लॉन्च कीमत 25,999 रुपये थी। कीमतों में हुई बढ़ोतरी के बाद अब यह वेरिएंट मार्केट में 36,999 रुपये में बिक्री के लिए उपलब्ध है।

8GB RAM + 256GB वेरिएंट: इस टॉप वेरिएंट को लॉन्च ऑफर के दौरान ग्राहक 30,999 रुपये में घर ले जा सकते थे। लेकिन अब इसके लिए ग्राहकों को 41,999 रुपये खर्च करने होंगे।

देखा जाए तो फोन के बड़े वेरिएंट्स की कीमतों में सीधे तौर पर 8,000 रुपये तक का तगड़ा इजाफा देखने को मिल रहा है।

अचानक दाम बढ़ने पर उठ रहे हैं सवाल

पिछले कुछ समय से भारत के स्मार्टफोन बाजार में मोबाइल फोन महंगे होने का ट्रेंड देखा जा रहा है। नथिंग (Nothing), रियलमी (Realme), वीवो (Vivo) और शाओमी (Xiaomi) जैसी दिग्गज कंपनियों ने भी अपने कुछ पुराने और मौजूदा स्मार्टफोन्स के दाम बढ़ाए हैं। इन कंपनियों का कहना है कि फोन में इस्तेमाल होने वाली मेमोरी चिप्स की लागत (कंपोनेंट कॉस्ट) बढ़ने की वजह से उन्हें कीमतें बढ़ानी पड़ीं।

हालांकि, एक्सपर्ट्स का मानना है कि सैमसंग गैलेक्सी M47 5G का मामला इन कंपनियों से बिल्कुल अलग है। यह फोन अभी महज एक हफ्ता पहले ही बाजार में उतारा गया है। ऐसे में यह बात गले नहीं उतरती कि कंपनी को हफ्ते भर पहले कंपोनेंट्स और मेमोरी की बढ़ती लागत का अंदाजा नहीं रहा होगा।

यह भी पढ़ें-Tech News: WhatsApp का बड़ा फैसला, 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए आया नया फीचर… जानिए फायदे और खतरे

क्या है सैमसंग की असली रणनीति?

बाजार के जानकारों का कहना है कि महज एक हफ्ते में इतनी बड़ी रकम बढ़ाना लागत में बढ़ोतरी का नतीजा नहीं है। बल्कि यह कंपनी की एक खास 'लिमिटेड-पीरियड लॉन्च प्राइसिंग स्ट्रेटेजी' यानी सीमित समय के लिए कम दाम रखने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है। कंपनी शुरुआत में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कम दाम रखती है और बाद में कीमतें बढ़ा देती है। हालांकि, इस अचानक हुई मूल्य वृद्धि को लेकर सैमसंग की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान या स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

Location :  New Delhi

Published :  13 July 2026, 12:12 PM IST

Advertisement