हिंदी
आगरा MLC चुनाव
कासगंज: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन सीटों पर बुधवार शाम चार बजे चुनाव प्रचार थम गया। अंतिम दिन भाजपा, सपा समेत विभिन्न दलों के प्रत्याशियों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंकी। अब 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
आगरा खंड की दोनों सीटों पर कुल 25 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें स्नातक सीट पर 13 और शिक्षक सीट पर 12 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, कासगंज, एटा, हाथरस, कन्नौज, फर्रुखाबाद, औरैया और इटावा समेत 12 जिलों के कुल 2,41,527 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 1,90,725 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 50,802 मतदाता शामिल हैं।
कासगंज में 11,216 मतदाता करेंगे मतदान
कासगंज जिले में स्नातक निर्वाचन के लिए 12 और शिक्षक निर्वाचन के लिए आठ मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। स्नातक सीट पर 9,925 और शिक्षक सीट पर 1,291 मतदाता पंजीकृत हैं। इस प्रकार जिले में कुल 11,216 मतदाता वोट डालेंगे।
22 अक्टूबर को रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
22 अक्टूबर को सुबह साढ़े दस बजे 12 जिलों से पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। इसके बाद मतपेटिकाएं आगरा के टूंडला रोड स्थित गल्ला मंडी में बनाए गए मतगणना केंद्र पर पहुंचाई जाएंगी। 27 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी।
भाजपा-सपा ने झोंकी ताकत, निर्दलीय भी मैदान में
चुनाव प्रचार के अंतिम दिनों में भाजपा और सपा ने अपने प्रत्याशियों के समर्थन में पूरी ताकत लगाई। सांसदों, विधायकों और संगठन पदाधिकारियों ने मतदाताओं से संपर्क किया। वहीं निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी जीत के लिए जोर लगाया। स्नातक सीट पर भाजपा के डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह और सपा के शशांक यादव के साथ आजाद समाज पार्टी के दक्ष कुमार समेत 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। शिक्षक सीट पर भाजपा के हरिकिशोर तिवारी और सपा के आकाश अग्रवाल समेत 12 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
अलीगढ़ में स्नातक और आगरा में शिक्षक मतदाता सबसे अधिक
आगरा खंड के 12 जिलों में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के सबसे अधिक 39,143 मतदाता अलीगढ़ में हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक 15,788 मतदाता आगरा में पंजीकृत हैं। पूरे खंड में स्नातक के लिए 262 और शिक्षक निर्वाचन के लिए 150 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। दोनों सीटों के लिए अलग-अलग प्रेक्षक भी नियुक्त किए गए हैं। अब 23 अक्टूबर के मतदान के बाद 27 अक्टूबर को मतगणना के साथ प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा।
Location : Agra
Published : 21 October 2026, 8:37 PM IST
Topics : agra mlc election Agra news UP News