हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Jodhpur: मोबाइल फोन आज हर व्यक्ति की जरूरत बन चुका है, लेकिन कई बार यही डिवाइस खतरनाक भी साबित हो जाता है। राजस्थान के जोधपुर में ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक किराना व्यापारी की जेब में रखा मोबाइल फोन अचानक आग का गोला बन गया। इस हादसे में व्यापारी गंभीर रूप से झुलस गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां उसका इलाज जारी है।
यह घटना सोमवार की बताई जा रही है, जब पीड़ित व्यापारी अपनी दुकान में बैठा हुआ था। उसी दौरान उसकी पैंट की जेब में रखा मोबाइल फोन अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके के बाद फोन से धुआं और आग निकलने लगी, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई।
व्यापारी ने बताया कि शुरुआत में उसे लगा कि शायद लैपटॉप या किसी अन्य डिवाइस से करंट लगा है, लेकिन कुछ ही सेकंड में स्थिति साफ हो गई कि फोन में विस्फोट हुआ है। अचानक हुई इस घटना से वह घबरा गया और तुरंत दुकान से बाहर भागा।
घटना के बाद व्यापारी ने तुरंत अपनी जेब से फोन निकालने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वह और ज्यादा घायल हो गया। फोन में लगी आग और तेज गर्मी के कारण उसकी जांघ और हाथ की अंगुलियां बुरी तरह झुलस गईं।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत स्थिति को संभाला और घायल व्यापारी को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।
इस घटना के बाद यह सवाल उठ रहा है कि मोबाइल फोन में अचानक आग और धमाका कैसे हुआ। हालांकि अभी तक इस मामले में स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा फोन की जांच के बाद ही असली वजह सामने आने की उम्मीद है।
मोबाइल फोन में ब्लास्ट या आग लगने की घटनाएं पहले भी अलग-अलग जगहों से सामने आती रही हैं। इसी तरह की एक घटना पिछले महीने दक्षिण कोरिया में भी हुई थी। वहां एक यूजर के हाथ में रखा फोन अचानक गर्म होकर धुआं छोड़ने लगा और बाद में फट गया।
पीड़ित ने बताया था कि वह सामान्य रूप से इंटरनेट इस्तेमाल कर रहा था, तभी अचानक फोन से धुआं निकलना शुरू हो गया और देखते ही देखते वह हाथ में ही फट गया।
Tech News: सितंबर 2026 में आ सकता है Apple का अल्ट्रा-स्लिम iPhone, मिलेंगे दमदार अपग्रेड्स
विशेषज्ञों के अनुसार, कुछ सावधानियां बरतकर मोबाइल फोन में ओवरहीटिंग और ब्लास्ट जैसी घटनाओं के जोखिम को कम किया जा सकता है।
गर्मी के मौसम में फोन जल्दी ओवरहीट हो जाते हैं, इसलिए उन्हें अधिक देर तक इस्तेमाल करने से बचना चाहिए और अगर फोन गर्म हो जाए तो उसे तुरंत बंद करके ठंडा होने देना चाहिए।
फोन को कभी भी कार के डैशबोर्ड या किसी अन्य हीट सोर्स के पास नहीं रखना चाहिए। साथ ही तेज धूप में लंबे समय तक फोन का उपयोग और चार्जिंग से बचना चाहिए।
हमेशा ऑरिजनल और अच्छी क्वालिटी के चार्जर और केबल का ही उपयोग करना चाहिए। चार्जिंग के दौरान फोन को तकिए या कंबल जैसे सॉफ्ट सतह पर नहीं रखना चाहिए, क्योंकि इससे गर्मी बढ़ सकती है।
अगर फोन की बैटरी में किसी भी तरह की खराबी या डैमेज दिखाई दे, तो उसे तुरंत बदलवाना चाहिए। इसके अलावा चार्जिंग के दौरान गेमिंग और वीडियो स्ट्रीमिंग जैसे भारी उपयोग से बचना भी जरूरी है।
Location : Jodhpur
Published : 9 June 2026, 3:40 PM IST