Barabanki News: पांच दिन से गायब! नहर में डूबे युवक का अब तक नहीं चला कोई पता

बाराबंकी के एक गांव में उस वक्त मातम पसर गया जब अचानक नहर की तेज लहरें कई लोगों को अपने साथ डुबा ले गई। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 7 April 2025, 12:44 PM IST
google-preferred

बाराबंकी : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में हुए दर्दनाक नहर हादसे को पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन गंगौली गांव निवासी 35 वर्षीय पवन कुमार का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। 2 अप्रैल की रात देवा-चिनहट मार्ग पर मामापुर नहर पुल के पास हुए इस हादसे में पवन का पूरा परिवार खत्म हो गया था, जब उसकी बाइक अनियंत्रित होकर शारदा नहर में गिर गई थी।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, इस हादसे में उसकी पत्नी उर्मिला, बेटी रागिनी और बेटे अर्पित के शव अलग-अलग दिनों में नहर के अलग-अलग हिस्सों से बरामद हुए हैं। उर्मिला का शव 3 अप्रैल को मिर्जापुर गांव, अर्पित का शव 6 अप्रैल को सतरिख थाना क्षेत्र और रागिनी का शव देवा क्षेत्र के कुसुम्भा गांव के पास मिला था। सभी शव नहर की तेज धारा में बह गए।

गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी

हालांकि प्रशासन ने शारदा नहर का पानी पूरी तरह से बंद करा दिया है और एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन में लगी हुई हैं, लेकिन अभी तक पवन का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इंस्पेक्टर देवा अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जब तक पवन कुमार नहीं मिल जाता, तब तक सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।

गांव में पसरा मातम 

गांव में मातम पसरा हुआ है। परिवार को अभी भी उम्मीद है कि किसी तरह पवन सकुशल मिल जाए। हादसे के बाद ग्रामीणों में गम और सदमे का माहौल है। इस दुखद हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है, वहीं प्रशासन पर भी सर्च ऑपरेशन जल्द पूरा करने का दबाव है।

 

Published :  7 April 2025, 12:44 PM IST

Advertisement