हिंदी
अभियुक्त विकास सोराण हरियाणा से गिरफ्तार (Image Source: Dynamite News)
Lucknow: उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित स्पेशल टास्क फोर्स, उत्तर प्रदेश को 18 अप्रैल को एक बड़ी सफलता हाथ लगी, जब आजमगढ़ जनपद के थाना देवगांव में पंजीकृत मु0अ0सं0 390/23 धारा 3(1) यूपी गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम में वांछित और 50,000 रुपये के इनामी अभियुक्त विकास सोराण को हरियाणा से गिरफ्तार किया गया। यह गिरफ्तारी जींद जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुड्डा ग्राउंड के सामने करीब शाम 6:45 पर की गई।
एसटीएफ को पिछले काफी दिनों से इनामी और फरार अपराधियों की सक्रियता की सूचना मिल रही थी। इसी क्रम में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीमों का गठन कर अभिसूचना संकलन की कार्रवाई तेज की गई। प्रयागराज इकाई के नेतृत्व में काम कर रही टीम को इस गिरफ्तारी में अहम सफलता मिली।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त विकास सोराण ने बताया कि वह शराब तस्करी के एक सक्रिय गिरोह से जुड़ा हुआ है, जिसका संचालन जींद निवासी सुनील कुमार करता है। यह गिरोह लंबे समय से विभिन्न राज्यों में अवैध शराब की सप्लाई कर रहा था। विकास सोराण और उसका सहयोगी सुनील कुमार मिलकर चंडीगढ़ और हरियाणा में शराब पिकअप गाड़ियों में लोड करते थे और उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर यूपी सहित अन्य राज्यों में सप्लाई करते थे।
Bhimtal Fraud Case: फर्जी पहचान बनाकर युवतियों को फंसाया, लाखों की ठगी का सनसनीखेज खुलासा
बताया गया कि यह गिरोह पिछले कई वर्षों से इस अवैध कारोबार में संलिप्त है और बिहार व झारखंड तक नेटवर्क फैला हुआ है। पूर्व में भी इसी तरह की एक घटना में विकास सोराण मौके पर पकड़ा गया था, जिसके बाद उस पर कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त विकास सोराण का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा है। उस पर हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में कई मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और आईपीसी की विभिन्न धाराएं शामिल हैं। वर्ष 2023 में आजमगढ़ के देवगांव थाने में दर्ज मुकदमे में उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
Lucknow: मानवाधिकार आयोग सख्त, लखनऊ बीएसए पर 50 हजार का जमानती वारंट
जानकारी के मुताबिक, इनाम घोषित होने के बाद से वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर हरियाणा के थाना सिविल लाइन जींद में दाखिल किया गया है, जहां से न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। एसटीएफ की इस कार्रवाई को एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, जिससे अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क पर बड़ा झटका लगा है।
Location : Lucknow
Published : 19 April 2026, 4:33 PM IST