Mann Ki Baat: जानिये साल की पहली मन की बात में PM मोदी के संबोधन की खास बातें, कहा- तिरंगे के अपमान से देश दुखी

डीएन ब्यूरो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने मासिक कार्यक्रम मन की बात के जरिये देश के लोगों से अपनी बात कह रहे है। यह साल-2021 के लिये उनकी पहली मन की बात हैं, जानिये उनके संबोधन की खास बातें

पीएम मोदी (फाइल फोटो)
पीएम मोदी (फाइल फोटो)


नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के जरिये देश की जनता से संवाद स्थापित कर रहे हैं।साल-2021 के लिये यह उनकी पहली मन की बात हैं। पीएम मोदी ने अपने इस कार्यक्रम में गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली हिंसा और तोड़फोड़ का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली में 26 जनवरी को तिरंगे का अपमान देखकर देश बहुत दुखी भी हुआ। 

जानिये मन की बात की कुछ खास बातें

दिल्ली में 26 जनवरी को तिरंगे का अपमान देखकर देश बहुत दुखी भी हुआ। हमें आने वाले समय को नई आशा और नवीनता से भरना है। 

पीएम मोदी ने कहा कि इस महीने क्रिकेट की पिच से भी बहुत अच्छी खबर मिली। हमारी क्रिकेट टीम ने शुरुआती दिक्कतों के बाद, शानदार वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया में सीरीज जीती। हमारे खिलाड़ियों का hard work और teamwork प्रेरित करने वाला है।

सड़क हादसे दुनिया के लिए बेहद चिंता का विषय है। देश 18 जनवरी से 17 फरवरी तक सड़क सुरक्षा माह मना रहा है। 

हमारे यहाँ कहा जाता है- “जलबिंदु निपातेन क्रमशः पूर्यते घटः”। अर्थात् एक-एक बूँद से ही घड़ा भरता है। हमारे एक-एक प्रयास से ही हमारे संकल्प सिद्ध होते हैं। 

पहले हमारे यहाँ टोल प्लाजा पर एक गाड़ी को औसतन 7 से 8 मिनट लग जाते थे, लेकिन ‘FASTag’ आने के बाद ये समय औसतन सिर्फ डेढ़ से दो मिनट रह गया है। टोल प्लाजा पर इंतज़ार के समय में कमी आने से गाड़ी के ईंधन की बचत भी हो रही है और इससे देशवासियों के करीब 21 हजार करोड़ रूपए बचने का अनुमान है। 

भारत से हजारों किलोमीटर दूर, कई महासागरों के पार एक देश है, जिसका नाम Chile है। भारत से Chile पहुँचने में बहुत समय लगता है, लेकिन भारतीय संस्कृति की खुशबू, वहाँ बहुत पहले से ही फैली हुई है। 

अमेरिका के सेन फ्रांसिस्को से बैंगलुरू की एक नॉन-स्टॉप उड़ान की कमान भारत की 4 महिला पायलट ने संभाली। 10000 KM से ज्यादा का सफ़र तय करके इस विमान से सवा दो-सौ से अधिक यात्रियों को भारत लेकर आईं। 

हरियाणा के पंचकुला की बड़ौत ग्राम पंचायत के लोगों ने पूरे गांव के गंदे पानी को एक जगह इकठ्ठा करके फ़िल्टर करना शुरू किया और अब उस पानी को खेतों में सिंचाई के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। 

हैदराबाद के बोयिनपल्ली में एक स्थानीय सब्जी मंडी, किस तरह अपने दायित्व को निभा रही है. मंडी से जुड़े लोगों ने तय किया है कि बेकार हुई सब्जियों से बिजली बनाई जाएगी।

युवा लेखकों के लिए India Seventy Five के निमित्त एक पहल शुरू की जा रही है। इससे सभी राज्यों और भाषाओं के युवा लेखकों को प्रोत्साहन मिलेगा। इससे जुड़ी जानकारियाँ शिक्षा मंत्रालय की वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं। 

मैं सभी देशवासियों से खासकर युवा साथियों से आह्वान करता हूं कि वे देश के स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में और आज़ादी से जुड़ी घटनाओं के बारे में लिखें। 

भारत के हर हिस्से में आजादी की लड़ाई पूरी ताकत के साथ लड़ी गई थी। भारत भूमि के हर कोने में ऐसे महान सपूतों और वीरांगनाओं ने जन्म लिया, जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपना जीवन न्यौछावर कर दिया। 

इस वर्ष से भारत अपनी आजादी के 75 वर्ष का समारोह ‘अमृत महोत्सव’ शुरू करने जा रहा है. ऐसे में यह उन महानायकों से जुड़ी स्थानीय जगहों का पता लगाने का अच्छा समय है जिनकी वजह से हमें आज़ादी मिली। 

आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा कोविड टीकाकरण अभियान चला रहा है। हम सबसे बड़े Vaccine programme के साथ ही दुनिया में सबसे तेज़ गति से अपने नागरिकों का टीकाकरण भी कर रहे हैं।

भारत सिर्फ 15 दिन में ही अपने 30 लाख से ज्यादा कोरोनायोद्धाओं का टीकाकरण कर चुका है, जबकि अमेरिका जैसे समृद्ध देश को इसी काम में 18 दिन और ब्रिटेन को 36 दिन लगे थे।

कोरोना के ख़िलाफ़ हमारी लड़ाई को क़रीब-क़रीब एक साल पूरा हो गया है। जैसे कोरोना के ख़िलाफ़ भारत की लड़ाई एक उदाहरण बनी है, वैसे ही अब हमारा टीकाकरण अभियान भी दुनिया में एक मिसाल बन रहा है। 

हमने पिछले साल असाधारण संयम और साहस का परिचय दिया। इस साल भी हमें कड़ी मेहनत करके अपने संकल्पों को सिद्ध करना है। अपने देश को और तेज़ गति से आगे ले जाना है। 

खेती को आधुनिक बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और अनेक कदम उठा भी रही है। सरकार के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
 










संबंधित समाचार