हिंदी
उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण में राज्यपाल के अभिभाषण के साथ बजट सत्र शुरू हो चुका है। सत्र शुरू होने से पहले कांग्रेस ने विधान भवन परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। यही नहीं राज्यपाल का अभिभाषण शुरू होते ही कांग्रेस ने वॉकआउट भी कर दिया।
उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र ((Image source: Internet)
Gairsain (Chamoli): उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र आज सोमवार को राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण में शुरू हो चुका है। मंत्रोच्चारण और फूलों से सजे विधानसभा भवन में राज्यपाल का स्वागत किया गया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) का संबोधन शुरू होने के साथ ही कांग्रेस विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। राज्यपाल का अभिभाषण शुरू हुआ ही था कि कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
राज्यपाल ने अभिभाषण में सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का खाका सदन के सामने रखा। राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में राज्य सरकार की पिछले एक वर्ष की उपलब्धियों के साथ-साथ आगामी योजनाओं और नीतिगत प्राथमिकताओं का उल्लेख किया है।
दरअसल, कांग्रेस चाहती है कि वजट सत्र की अवधि बढ़ाई जानी चाहिए। यही वजह है कि सत्र शुरू होने से पहले ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधान भवन परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। बजट की अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर कांग्रेस विधायक परिसर में धरने पर बैठ गए। राज्य का बजट सत्र पांच दिन तक चलेगा, कांग्रेस का कहना है कि इस सत्र में तमाम जन मुद्दों पर ठीक से बहस के लिए सत्र की अवधि बढ़नी जरूरी है।
कांग्रेस विधायकों का आरोप है कि सरकार के पास जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के लिए कोई ठोस एजेंडा नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, पलायन और विकास जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दे हैं, जिन पर विधानसभा में विस्तार से चर्चा होनी चाहिए, लेकिन सरकार सत्र को छोटा रखकर इन मुद्दों से बचने की कोशिश कर रही है। बजट सत्र शुरू होने पर विपक्ष ने नारेबाजी की। विपक्षी नेता नारेबाजी कर वेल में पहुंचे। इसके बाद शोर के बीच ही राज्यपाल का संबोधन शुरू हुआ।
उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास में पहली बार सरकार राज्यपाल के अभिभाषण के दिन ही सदन में बजट भी पेश करेगी। बीते वर्ष की तुलना में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट का आकार 10 प्रतिशत बढ़ोतरी के साथ 1.11 लाख करोड़ होने का अनुमान है।
सत्र के पहले दिन दोपहर 2 बजे विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण सदन में अपने विचार रखेंगी और सत्र की कार्यवाही को आगे बढ़ाएंगी, जबकि शाम 3 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे।