हिंदी
पटना: पटना के दीघा थाना क्षेत्र के जनार्दन घाट पर शुक्रवार को एक खौफनाक वारदात सामने आयी। एक युवक ने युवती को गोली मारकर खुद को भी गोली से उड़ा दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को घटनास्थल से एक कट्टा, दो खोखा और एक गोली बरामद हुई है। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार मृतक की पहचान राहुल राज (20) के रूप में हुई। युवक के बैग से एक आधार कार्ड भी बरामद हुआ है। वह मूल रूप से मधुबनी के कचनरवा कछुआ स्थित नंदेनगर का निवासी था। वहीं, मृतका वैशाली के हाजीपुर की रहने वाली थी।
एसपी सिटी ने बताया कि प्रथम दृष्टया दोनों में किसी एक ने घटना को अंजाम दिया है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि युवक ने ही युवती को गोली मारकर खुद को गोली मार ली। पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
चश्मदीदों ने बताया कि दोनों काफी देर से घाट की सीढ़ी पर बैठे थे। वहां किसी बात को लेकर दोनों में बहस भी हुआ था। गोली किसने किसको मारी यह किसी ने नहीं देखा।
गोली चलने की आवाज सुनकर जब तक आसपास के लोग पहुंचते, दोनों खून से लथपथ हालत में सीढ़ी पर गिरे थे।
पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।
Published : 28 March 2025, 7:41 PM IST
Topics : Digha Ghat Digha Ghat News Digha Ghat Police Murder in Digha Ghat Patna Crime News Patna News