Manmohan Singh Death: पूर्व पीएम डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर देश में दुख की लहर, पीएम मोदी ने जताया शोक

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्हें इलाज के लिए दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था।

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 26 December 2024, 11:30 PM IST
google-preferred

नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर देशभर में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर उनके निधन पर शोक जताया। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोक मना रहा है। साधारण पृष्ठभूमि से उठकर वे एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर अपनी गहरी छाप छोड़ी। 

संसद में उनके हस्तक्षेप भी बहुत ही व्यावहारिक थे। हमारे प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए। डॉ मनमोहन सिंह जी और मैं उस समय नियमित रूप से बातचीत करते थे जब वे प्रधानमंत्री थे और मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था। हम शासन से संबंधित विभिन्न विषयों पर गहन विचार-विमर्श करते थे।

उनकी बुद्धिमत्ता और विनम्रता हमेशा देखने को मिलती थी। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं डॉ मनमोहन सिंह जी के परिवार, उनके मित्रों और असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।