Flight Hijack Alert: अहमदाबाद ATC को हाईजेक का अलर्ट, फ्रैंकफर्ट-दिल्ली AI फ्लाइट की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग

फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट से जुड़ी एक बड़ी खबर है। हाईजेक का अलर्ट का मिलने के बाद इस फ्लाइट की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 14 October 2026, 11:36 AM IST
google-preferred

New Delhi: एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर- AI 2030 को लेकर एक बड़ी खबर है। फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की इस फ्लाइट को लेकर अहमदाबाद एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) को हाईजेक का अलर्ट मिला। इस अलर्ट के बाद एयर इंडिया की फ्लाइट जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

जानकारी के मुताबिक, अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को विमान से जुड़ा अलर्ट मिला था। इसके बाद विमान को जयपुर की ओर डायवर्ट किया गया।

पायलट ने कुछ सेकेंड के लिए घोषित किया स्क्वाक-7500

इस घटना में स्क्वाक-7500 कोड को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि विमान के पायलट ने कुछ सेकेंड के लिए यह कोड घोषित किया था। विमानन क्षेत्र में स्क्वाक-7500 का इस्तेमाल हाईजैक या विमान पर अवैध कब्जे की स्थिति का संकेत देने के लिए किया जाता है। इसी अलर्ट के बाद विमान को जयपुर में उतारने का फैसला लिया गया। हालांकि, पायलट ने यह कोड किन परिस्थितियों में घोषित किया और इसके पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

सुबह 9:45 बजे आइसोलेशन वे पर पहुंचा विमान

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 9:45 बजे एयर इंडिया के विमान को जयपुर एयरपोर्ट के आइसोलेशन वे पर ले जाया गया। सुरक्षा संबंधी आपात स्थितियों में विमान को अन्य विमानों से अलग रखने और जांच करने के लिए आइसोलेशन वे का इस्तेमाल किया जाता है। इस व्यवस्था के तहत सुरक्षा एजेंसियां विमान की जांच कर सकती हैं। फिलहाल इस मामले में अलर्ट की वजह और पायलट की ओर से स्क्वाक-7500 कोड घोषित किए जाने के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।

‘कौन हैं दिपके, मैं नहीं जानता’, फ्लाइट में हिरासत की कार्रवाई पर भड़का सहयात्री, प्रदर्शन पर उठाए सवाल

तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भी आया था अलर्ट

इससे पहले 30 सितंबर 2026 को दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 से भी हाईजैक अलर्ट सामने आया था। बोइंग 737 मैक्स विमान ने पहले इमरजेंसी कोड 7700 और फिर कुछ समय के लिए स्क्वाक-7500 जारी किया था। इसके बाद विमान का रास्ता बदला गया और सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

को-पायलट पर हमले और विमान टकराने की कोशिश का आरोप

फ्लाईदुबई की घटना में विमान के ओमानी को-पायलट पर पायलट पर हमला करने और विमान को तेल अवीव एयरपोर्ट के टर्मिनल से टकराने की कोशिश करने का आरोप है। जानकारी के मुताबिक, इस दौरान विमान की ऊंचाई तेजी से गिरने लगी थी। स्थिति संभालने के लिए विमान में मौजूद दूसरे पायलटों और यात्रियों ने हस्तक्षेप किया। इसके बाद विमान को सुरक्षित तबुक में उतारा गया। जांच के दौरान अधिकारियों ने इस मामले को विमान पर कब्जे की कथित कोशिश के रूप में देखा।

दोनों घटनाओं में कोड को लेकर बढ़ी सतर्कता

जयपुर में एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2030 और तबुक में फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 से जुड़ी घटनाओं में स्क्वाक-7500 कोड चर्चा में रहा। हालांकि, एयर इंडिया की फ्लाइट के मामले में अलर्ट की वास्तविक वजह और पायलट द्वारा कोड घोषित किए जाने की परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

 

Location :  New Delhi

Published :  14 October 2026, 11:27 AM IST

Advertisement