कोल्हुई अपडेट: पहले व्यापारी पक्ष में से दो को उठाया, फिर रात के अंधेरे में छोड़ा..थानेदार की कार्यवाही सवालों के घेरे में

कोल्हुई क्षेत्र में उपजे बवाल के बाद भाजपा और व्यापारियों ने अपनी-अपनी तहरीर दी थी, लेकिन बीती रात पुलिस ने एकतरफा कार्यवाही करते हुए दो व्यापारियों को हिरासत में लिया और जनता के दबाव के बाद उन्हें छोड़ दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं से पुलिस का पूछताछ तक न करना पुलिस को कटघरे में खड़ा करता है। इस घटना के ताजा अपडेट को लेकर कोल्हुई से डाइनामाइट न्यूज़ की ग्राउंड रिपोर्टिंग..

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 21 August 2018, 12:03 PM IST
google-preferred

कोल्हुई (महराजगंज): दिवगंत प्रधानमंत्री अटल जी को श्रद्धांजलि देने के लिये आयोजित सभा के नाम पर रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा व्यापारियों की जबरन दुकाने बंद करने के बाद उपजे बवाल के बाद एकपक्षीय कार्यवाही करते हुए पुलिस ने दवा व्यापारी उपेन्द्र सिंह और उनके साथी और कोल्हुई के ग्राम प्रधान मनोज सिंह को बीती रात हिरासत में ले लिया था। सत्ता के दबाव में पुलिस द्वारा की गयी इस कार्यवाही से जनता में भारी रोष देखा गया। जनता के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने बीती रात ही थोड़ी देर बाद भले ही हिरासत में लिये गये व्यापारी व ग्राम प्रधान को छोड़ दिया हो, लेकिन इसके बाद भी मंगलवार सुबह को कोल्हुई क्षेत्र में शांतिपूर्ण तनाव बना हुआ है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और जनता का आक्रोश बरकरार है।

यह भी पढ़ें: थानेदार की नादानी से कोल्हुई कस्बा बैठा ज्वालामुखी के मुहाने पर, एकतरफा कार्यवाही से आक्रोश 

 

 

 

पुलिस द्वारा की गयी एकतरफा कार्यवाही को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। व्यापारियों का कहना है कि जो लोग माहौल खराब करना चाहते हैं, पुलिस उनके खिलाफ कार्यवाही न करते हुए निर्दोषों पर अनावाश्यक दबाव बना रही है। बीती देर शाम दो व्यापारियों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिये जाने से स्थानीय जनता भी काफी नाराज है। लोगों का भी कहना है कि पुलिस ने सत्ता के दबाव में आकर एकतरफा कार्यवाही की, जो पुलिस को कटघरे में खड़ा करती है।

 

 

यह भी पढ़े: महराजगंज: बीजेपी कार्यकर्ता और व्यापार मंडल सदस्य आपस में भिड़े, राजमार्ग पर लगाया जाम

इस मामले को लेकर कोल्हुई थानेदार की भूमिका पर भी लोगों द्वारा सवाल खड़े किये जा रहे है। व्यापारियों समेत जनता का कहना है कि पुलिस ने इस मामले में इस तरह कार्यवाही की जैसे कि वह कानून नहीं.. बल्कि पार्टी हाईकमान के निर्देश पर एक एजेंट बनकर काम कर रही हो।

 

 

यह भी पढ़ें: महराजगंज: कोटेदार के खिलाफ सड़क पर उतरी आक्रोशित जनता, गोरखपुर मार्ग जाम, ब्लॉक गेट में जड़े ताले 

इस मामले की शुरूआत रविवार दोपहर को कोल्हुई कस्बे में हुई। जहां श्रद्धांजलि सभा के नाम पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जबरन व्यापारियों की दुकाने बंद कराने का प्रयास किया गया। भाजपा की यह मनमानी व्यापारियों को रास नहीं आयी और जब उन्होंने दुकानें बंद करने से मना किया तो भाजपाई मार-पीट औऱ गुंडई पर उतारु हो गये। जिसके बाद भारी तनाव की स्थिति देखी गयी।

यह भी पढ़ें: महराजगंज में स्वच्छता अभियान की जांच के नाम पर शासन को धोखा, मीडिया को मैनेज करने की कोशिश 

इस मामले को लेकर व्यापारियों और भाजपाइयों ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाये। दोनो पक्षों ने पुलिस को अपनी-अपनी तहरीर भी दी, लेकिन पुलिस ने एकतरफा कार्यवाही करते हुए व्यापारी पक्ष को ही निशाने पर लिया। पुलिस द्वारा बीती शाम दो व्यापारियों को हिरासत में लिया गया। सोमवार देर शाम जनता के दबाव के बाद पुलिस द्वारा व्यापारियों को छोड़ा भी गया। लेकिन पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं से पूछताछ करना तक भी मुनासिब नहीं समझा। पुलिस की यही कार्यप्रणाली किसी के गले नहीं उतर रही है। लिहाजा क्षेत्र में अभी भी तनाव बना हुआ है, लोगों में आक्रोश है और पुलिस बल मौके पर मौजूद है।