News Headlines Of The Day: जानिये देश और दुनिया में क्या कुछ हुआ आज, पढ़ें दिन भर की खबरों का ये विशेष न्यूज़ बुलेटिन

देश और दुनिया में दिन भर में कई घटनाएं होती रहती है। हर पल कुछ न घटता रहा है। ऐसे में डाइनामाइट न्यूज़ अपने पाठकों के लिये पेश कर रहा है देश और दुनिया की दिन भर की खबरों बेहद छोटा और आसान बुलेटिन।

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 14 March 2023, 6:38 PM IST
google-preferred

नयी दिल्ली: देश और दुनिया में दिन भर में कई घटनाएं होती रहती है। हर पल कुछ न घटता रहा है। ऐसे में डाइनामाइट न्यूज़ अपने पाठकों के लिये पेश कर रहा है देश और दुनिया की दिन भर की खबरों बेहद छोटा और आसान बुलेटिन।

मंगलवार को शाम छह बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं :

1.    राहुल की टिप्पणी को लेकर राज्यसभा में गतिरोध जारी, कांग्रेस का विशेषाधिकार नोटिस
भारतीय लोकतंत्र एवं संसद के बारे में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया बयान को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का आक्रामक रुख कायम रहने तथा सदन के नेता पीयूष गोयल के खिलाफ कांग्रेस के विशेषाधिकार हनन के कारण सत्ता पक्ष एवं विपक्ष के हंगामे के चलते मंगलवार को भी राज्यसभा में गतिरोध बना रहा।

2.     पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग को लेकर राज्यकर्मी हड़ताल पर
महाराष्ट्र में पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग को लेकर राज्य के लाखों सरकारी कर्मचारी मंगलवार को हड़ताल पर चले गए। इससे प्रशासन और कई सेवाओं के प्रभावित होने की आशंका है।

3.    भोपाल गैस त्रासदी: उच्चतम न्यायालय ने केंद्र सरकार की उपचारात्मक याचिका खारिज की
उच्चतम न्यायालय ने दिसंबर 1984 में हुई भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ितों को अतिरिक्त मुआवजा देने के लिए यूनियन कार्बाइड कॉरपोरेशन (यूसीसी) की उत्तराधिकारी कंपनियों से अतिरिक्त 7,844 करोड़ रुपये की मांग वाली केंद्र की उपचारात्मक याचिका को मंगलवार को खारिज कर दिया।

4.    मध्यप्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर मुफ्त बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा : केजरीवाल
आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को वादा किया कि अगर इस साल के अंत में मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद उनकी पार्टी को सत्ता में आने का मौका मिला तो राज्य के लोगों को मुफ्त बिजली, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवा दी जाएगी।

5.    बिहार विधानसभा में भाजपा विधायक ने माइक तोड़ा, दो दिन के लिए निलंबित
बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक को अशोभनीय आचरण करने पर दो दिन के लिए निलंबित कर दिया गया जिसके बाद उनकी पार्टी के सहयोगियों ने विरोध शुरू कर दिया और सदन से वाकआउट किया। हालांकि सरकार ने विधानसभाध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने एक 'अच्छी मिसाल' कायम की है।

6.    वरिष्ठ पत्रकार वेदप्रताप वैदिक का निधन
हिंदी के वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार वेदप्रताप वैदिक का निधन
नयी दिल्ली, वरिष्ठ पत्रकार और अंतरराष्ट्रीय मामलों के जाने माने विशेषज्ञ वेदप्रताप वैदिक का मंगलवार सुबह निधन हो गया। वह 78 साल के थे।

7.    तमिल लेखक पेरुमल मुरुगन अंतरराष्ट्रीय बुकर पुरस्कार की दौड़ में शामिल
तमिल लेखक पेरुमल मुरुगन को वर्ष 2023 के लिए अंतरराष्ट्रीय बुकर पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है। ‘बुकर प्राइज फाउंडेशन’ ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

8.    यूपी सरकार चैत्र नवरात्रि के दौरान राज्य भर में विशेष धार्मिक, सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करेगी
उत्तर प्रदेश सरकार ने स्थानीय प्रशासन से नौ दिवसीय चैत्र नवरात्रि और रामनवमी त्योहारों के दौरान समूचे राज्य में मंदिरों में दुर्गा सप्तशती और अखंड रामायण के पाठ सहित विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने को कहा है।

9.    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को गिरफ्तार करने उनके आवास पहुंची पुलिस
इस्लामाबाद पुलिस मंगलवार को पाकिस्तान के लाहौर में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के आवास पर उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची। तोशाखाना मामले में खान के खिलाफ गैर-जामनती गिरफ्तारी वारंट जारी होने के एक दिन बाद पुलिस उनके घर पहुंची है।

10.    चीन तीन साल बाद खोलेगा पर्यटकों के लिए अपनी सीमाएं, बुधवार से सभी वीजा बहाल
चीन पर्यटकों के लिए तीन साल के अंतराल के बाद अपनी सीमाएं खोलते हुए बुधवार से सभी वीजा जारी करना शुरू करेगा। कोविड-19 महामारी प्रतिबंधों के कारण वीजा जारी करने पर रोक लगाई गई थी।

11.    थोक मुद्रास्फीति फरवरी में दो साल के निचले स्तर 3.85 प्रतिशत पर, खाद्य वस्तुओं की महंगाई ऊंची
थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) आधारित मुद्रास्फीति फरवरी 2023 में घटकर दो साल से भी अधिक समय के निचले स्तर 3.85 प्रतिशत पर आ गई। मंगलवार को जारी सरकारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली।

12.    ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में जीत से पंड्या 2023 विश्व कप के बाद बन सकते है कप्तान: गावस्कर
मुंबई, भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का मानना है कि हार्दिक पंड्या को इस साल विश्व कप के बाद एकदिवसीय टीम के नेतृत्व करने का दावा पेश करने के लिए शुक्रवार को यहां पहले वनडे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच जीतना होगा।