कासगंज: जनवरी के बवाल से भी सबक नहीं.. 15 अगस्त से ठीक पहले व्यापारी की दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या

इसी वर्ष 26 जनवरी से कुछ दिनों पहले तिरंगा यात्रा के दौरान हुई हत्या और उसके बाद उपजे विवाद के बाद पुलिस ने 15 अगस्त से पहले शहर में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त के दावे किये थे लेकिन इसके बावजूद भी यहां दिन दहाड़े एक व्यापारी को गोली मारकर हत्या कर दी गयी। जिसने कई सवाल खड़े कर दिये है। पूरी खबर..

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 8 August 2018, 8:06 PM IST
google-preferred

कासगंज: 26 जनवरी से ठीक पहले तिरंगा यात्रा के दौरान चंदन गुप्ता की गोली मारकर हत्या से उपजे बवाल के बाद पुलिस ने इस बार 15 अगस्त पर शहर में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त के दावे किये थे, लेकिन बुधवार को इन दावों की पोल खुल गयी। नदरई गेट इलाके में हरिकमल पैलेस के पास बदमाशों ने दिन दहाड़े एक कपड़ा व्यापारी प्रतीक जैन के 36 वर्षीय बेटे बौबी जैन की गोली मारकर हत्या कर दी है। 

जांच में जुटी पुलिस

 

हत्या की इस घटना से पूरे शहर में हड़कंच मच गया है। सूचना के बाद सीओ समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।  

जानकारी के मुताबिक हरिकमल पैलेस के बुधवार शाम पांच बजे उस समय हडकंप मच गया, जब अज्ञात बाइक सवार दो बदमाशों ने पिस्टल से कपडा व्यापारी प्रतीक जैन के 36 वर्षीय बेटे बौबी जैन की गोली मार दी। बुरी तरह घायल कपडा व्यापारी  को अशोक नगर स्थित स्वास्थय केंद्र पर ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस का दावा- शीघ्र होगी हत्यारों की गिरफ्तारी

 

पुलिस ने हत्यारों की गिरफ्तारी के लिये अपनी जांच तेज कर दी है। इस हत्याकांड से शहर की सुरक्षा को लेकर फिर बड़े सवाल खड़े हो गये है। 

अनहोनी घटना को लेकर बौबी जैन के परिवार में कोहराम मचा हुआ, हत्या के बाद से परिवार दहशत में है।