IAS और IPS महिला अफसर सोशल मीडिया पर भिड़ीं, प्राइवेट फोटो को लेकर बवाल

दो वरिष्ठ महिला अधिकारियों के सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे के खिलाफ टीका-टिप्पणी करने पर राज्य के गृह मंत्री अरगा ज्ञानेंद्र ने उनके आचरण पर सोमवार को नाराजगी जताई और सिविल सेवा संबंधी नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए कार्रवाई करने की चेतावनी दी। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 20 February 2023, 4:37 PM IST
google-preferred

बेंगलुरु: कर्नाटक में दो वरिष्ठ महिला अधिकारियों के सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे के खिलाफ टीका-टिप्पणी करने पर राज्य के गृह मंत्री अरगा ज्ञानेंद्र ने उनके आचरण पर सोमवार को नाराजगी जताई और सिविल सेवा संबंधी नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए कार्रवाई करने की चेतावनी दी।

मंत्री कर्नाटक राज्य हस्तशिल्प विकास निगम की प्रबंध निदेशक डी. रूपा और मुजराई विभाग आयुक्त रोहिणी सिंधुरी के बीच हुई तकरार का संदर्भ दे रहे थे। रूपा भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) की, जबकि सिंधुरी भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की अधिकारी हैं।

ज्ञानेंद्र ने कहा, ‘‘हम चुप नहीं बैठे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वे दोनों इतना बुरा व्यवहार कर रही हैं, जैसा कोई आम आदमी भी सड़क पर नहीं करेगा। चाहे उनके जो कुछ भी व्यक्तिगत मुद्दे हों, लेकिन (मामले का) मीडिया के सामने आना और इस तरह का व्यवहार करना सही नहीं है।’’

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि लोग आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को बहुत ही सम्मान की नजरों से देखते हैं, लेकिन उनके व्यवहार और आचरण को देख कर ऐसा लगता है कि वे सिविल सेवा अधिकारियों का असम्मान और अपमान करा रही हैं।

रूपा ने सोशल मीडिया पर, सिंधुरी पर कई गलत कार्यों में लिप्त होने का आरोप लगाया है।

उन्होंने व्यक्तिगत टिप्पणी भी करते हुए सिंधुरी पर कदाचार का आरोप लगाया। साथ ही, उनकी निजी तस्वीरें जारी करते हुए आरोप लगाया कि इसे उन्होंने कुछ पुरुष अधिकारियों के साथ साझा किया था।

आरोपों को बेबुनियाद करार देते हुए सिंधुरी ने कहा कि एक जिम्मेदार पद पर आसीन रूपा उनके खिलाफ व्यक्तिगत नफरत की भावना से इस तरह की टिप्पणियां कर रही हैं और ऐसा व्यवहार कर रही हैं जैसे कि उन्होंने अपना मानसिक संतुलन खो दिया हो।

दोनों अधिकारियों ने एक-दूसरे पर सिविल सेवा आचरण नियम का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है और इसे उन्होंने उपयुक्त अधिकारियों के संज्ञान में लाया है।

सिंधुरी ने कहा है कि वह रूपा के खिलाफ कानूनी और अन्य कार्रवाई करेंगी।

ज्ञानेंद्र ने अधिकारियों के आचरण नियमों से आबद्ध रहने का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘पूर्व में भी उन्हें चेतावनी दी जा चुकी है और वे ऐसा करना छोड़ नहीं रही हैं, ऐसे में सरकार सख्त कार्रवाई पर विचार करेगी।

मंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने कुछ मंत्रियों और सरकार के नाम लिये हैं तथा मुख्यमंत्री इन सब बातों से अवगत हैं और वह एक सख्त निर्णय लेंगे।’’

Published : 
  • 20 February 2023, 4:37 PM IST