Jharkhand Election Result: झारखंड में हेमंत सोरेन ने रचा इतिहास, जानें 10 प्रमुख सीटों के रिजल्ट

झारखंड विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन ने शानदार जीत दर्ज करते हुए इतिहास रच दिया। जानें प्रदेश की 10 प्रमुख सीटों का रिजल्ट। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 23 November 2024, 6:06 PM IST
google-preferred

रांची: झारखंड में जेएमएम-कांग्रेस सरकार ने वापसी करते हुए इतिहास रच दिया है। झारखंड के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी गठबंधन सरकार की लगातार यहां वापसी हुई है। प्रदेश की 81 सीटों पर आये रुझान और नतीजों के अनुसार झारखंड में मुख्यमंत्री के रूप में फिर एक बार हेमंत सोरेन की ताजपोशी होगी। 

अब तक के रुझानों और नतीजों को मिलाकर झारखंड में INDIA गठबंधन 55 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि एनडीए 25 सीटों पर सिमटी दिखाई दे रही है। 

बीजेपी पर भारी पड़ी हेमंत सोरेन की योजनाएं

चुनावी आंकड़े दर्शाते है कि हेमंत सोरेन की योजनाएं झारखंड में काम कर गई और एनडीए के तमाम वादों के बावजूद जनता ने इंडिया गठबंधन पर विश्वास जताया। बीजेपी के खेमे में लगातार दूसरी बार हार आई है। 

प्रदेश की प्रमुख सीटों का रिजल्ट 

1. बरहेट 

प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बरहेट सीट पर शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी गमालियल हेम्ब्रम को 39791 वोटों से हराया। 

2. दुमका 

हेमंत सोरेन के साथ-साथ उनके भाई बसंत सोरेन ने दुमका सीट से सुनील सोरेन को 14588 वोटों के अंतर से शिकस्त दी। 

3. सरायकेला 

वहीं प्रदेश की हॉट सीट सरायकेला पर बीजेपी प्रत्याशी चंपई सोरेन ने अपना कब्जा बरकरार रखते हुए जेएमएम प्रत्याशी गणेश महाली पर 20447 वोटों से जीत दर्ज की हैं। बता दे कि इस सीट से 2005 से चंपई सोरेन का कब्जा रहा है। 

4. गांडेय 

गांडेय विधानसभा सीट (Gandey Seat Result 2024) से हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने जीत दर्ज की है। उन्होंने बीजेपी की मुनिया देवी को 10 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया।

5. जामताड़ा 

जामताड़ा विधानसभा सीट (Jamtara Seat Result 2024) पर कांग्रेस के इरफान अंसारी ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी सीता सोरेन को 43676 वोटों के अंतर से मात दी। 

6. धनवार

बीजेपी के बाबूलाल मरांडी ने धनवार विधानसभा सीट (Dhanwar Seat Result 2024) पर जेएमएम प्रत्याशी निजाम उद्दीन अंसारी को शिकस्त दी है। 

7. रांची

राजधानी रांची सीट से बीजेपी के चंद्रेश्वर प्रसाद सिंह ने जेएमएम प्रत्याशी महुआ माजी को 21949 वोटों के अंतर से हराते हुए जीत दर्ज की।  

8. डुमरी 

जेएलकेएम के उम्मीदवार जयराम महतो डुमरी सीट ने झारखंड सरकार में मंत्री बेबी देवी को 10945 वोटों से हराते हुए यह सीट अपने नाम की।

9. टुंडी 

टुंडी सीट पर झामुमो प्रत्याशी मथुरा प्रसाद महतो ने 25603 वोट से जीत हासिल की। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी विकास कुमार महतो को हराया। 

10. बेरमो 

बेरमो सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी कुमार जयमंगल ने जीत हासिल की है। उन्होंने जेएलकेएम के जयराम महतो को 29375 वोटों से हराया। 

24 सालों में हुआ यह बदलाव

बता दें कि साल 2000 में बिहार से अलग होकर झारखंड का अलग राज्य के तौर पर गठन हुआ था। तभी से झारखंड की जनता अब तक हर 5 साल में सत्ता को बदलती आई है। मगर इस बार इंडिया गठबंधन की जीत के साथ बड़ा बदलाव देखने को मिला है।